Maheka Sansar
मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026
विज्ञापन
Maheka Sansar — यहाँ विज्ञापन दें
Maheka Sansar — यहाँ विज्ञापन दें

अजमेर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2900 किलो चीनी सीज

फैक्ट्री में गंदगी मिलने पर मशीनें भी सीज, खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजेअजमेर। त्योहारी सीजन में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग…

अजमेर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2900 किलो चीनी सीज
फैक्ट्री में नमूने भरने के बाद घटिया सामग्री को सीज करते खाद्य सुरक्षा अधिकारी

फैक्ट्री में गंदगी मिलने पर मशीनें भी सीज, खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे

अजमेर। त्योहारी सीजन में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रक आयुक्त अविचल चतुर्वेदी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना रंगा के निर्देशन में संचालित ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को अजमेर के परबतपुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित सिंध कन्फेक्शनरी एवं बिस्कुट फैक्ट्री का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में गंदगी पाई गई। मौके पर कन्फेक्शनरी उत्पादों के निर्माण में इस्तेमाल की जा रही चीनी की गुणवत्ता भी संदिग्ध पाई गई। इस पर खाद्य सुरक्षा टीम ने चीनी का नमूना लेकर मौके पर मौजूद 2900 किलोग्राम चीनी को सीज कर दिया। इसके साथ ही तैयार की जा रही कन्फेक्शनरी का नमूना भी लिया गया।

फैक्ट्री परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने के कारण विभाग ने अग्रिम आदेशों तक प्लांट की मशीनों को भी सीज कर दिया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत लिए गए नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य कारोबारियों को सुधार के निर्देश

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता से संबंधित कमियां सामने आने पर संबंधित कारोबारी को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों के निर्माण और भंडारण में निर्धारित मानकों तथा स्वच्छता नियमों का पालन करना अनिवार्य है।

इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय मोयल, आनंद चौधरी, अशोक मीणा एवं आरती वर्मा शामिल रहे।

जिलेभर में जारी रहेगा अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत जिलेभर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, निर्माण इकाइयों में स्वच्छता के नियमों का पालन कराने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए निरीक्षण एवं कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

विभाग का मुख्य उद्देश्य त्योहारी सीजन में आमजन को मिलावट रहित, गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

यह खबर शेयर करें
इ
इम्तियाज़ अहमद · प्रधान संपादक

इम्तियाज़ अहमद Maheka Sansar के प्रधान संपादक हैं।

इम्तियाज़ अहमद की और खबरें →

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।