उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में पांच दिन से लापता शिक्षिका शुभी सिंह का शव रविवार को राप्ती नदी से बरामद हुआ। शव डिंगुराजोत क्षेत्र के जीवनरायनपुर गांव के पास मिला। सूचना पर पहुंची नवीन मॉडर्न थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार भिनगा कोतवाली क्षेत्र के चकवा गांव की रहने वाली शुभी सिंह सेंट एंथोनी पब्लिक स्कूल में पढ़ाती थीं। सोमवार सुबह करीब 11 बजे वह स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकलीं, लेकिन लौटकर नहीं आईं। देर शाम तक कोई जानकारी न मिलने पर पिता राजेश कुमार सिंह ने उसी रात भिनगा कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
गुमशुदगी के बाद पुलिस ने शुभी के कमरे की तलाशी ली, जहां हाथ से लिखा एक सुसाइड नोट मिला। बताया गया है कि इसमें शुभी ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि स्कूल प्रबंधक ने बेटी को पहले ही नौकरी से निकाल दिया था और नौकरी के दौरान भी उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने स्कूल प्रबंधक समेत स्टाफ के पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट के आधार पर मामले की आगे जांच की जा रही है।
स्रोत: टीवी9 भारतवर्ष


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।