दिल्ली से श्रीनगर जा रही जम्मू-कश्मीर में पंजीकृत एक स्लीपर बस पर हरियाणा के कुरुक्षेत्र के पास पत्थर और ईंटें फेंके जाने की घटना ने तूल पकड़ लिया है। इस हमले में बस में सवार एक बुजुर्ग यात्री को चोटें आईं और यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बात कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि उनकी सरकार प्रभावित यात्रियों के साथ है और ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होनी चाहिए। हरियाणा सरकार ने त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रवक्ता इमरान नबी डार ने इसे नफरत से प्रेरित हमला बताया।
वहीं हरियाणा पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में किसी खास व्यक्ति या समुदाय को निशाना बनाने की बात सामने नहीं आई है। पुलिस के मुताबिक, एक ढाबे के सामने बोलेरो सवारों और बस चालक के बीच पार्किंग को लेकर कहासुनी हुई थी, जो बाद में झगड़े में बदल गई।
पुलिस ने इस मामले में मोहित और सावन नाम के दो स्थानीय युवकों को हिरासत में लिया है। उन पर यात्री को चोट पहुंचाने और बस पर ईंट से हमला करने का आरोप है। ढाबा मालिक से मिली जानकारी के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
स्रोत: टीवी9 भारतवर्ष


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।