उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सुरक्षाबलों ने सीमा पार से घुसपैठ की एक कोशिश को विफल कर दिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान हुई मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए हैं, हालांकि सेना या पुलिस की ओर से अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अधिकारियों के मुताबिक घुसपैठ की यह कोशिश शनिवार तड़के केरन सेक्टर के जमगुंड इलाके में हुई। सीमा पर तैनात सतर्क जवानों ने एलओसी के पास संदिग्ध गतिविधि देखी। भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश होते देख जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला और घुसपैठियों को रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई।
कुछ देर चली गोलीबारी के बाद दो आतंकियों के ढेर होने की बात सामने आई, लेकिन मारे गए आतंकियों की वास्तविक संख्या को लेकर तस्वीर अभी साफ नहीं है।
केरन सेक्टर कुपवाड़ा जिले का सीमावर्ती इलाका है, जहां एलओसी के पार से घुसपैठ की कोशिशों को लेकर सुरक्षाबल लगातार सतर्क रहते हैं। इस बार भी जवानों की चौकसी से साजिश समय रहते नाकाम हो गई।
आधिकारिक बयान आने के बाद ही अभियान में हुई कार्रवाई और बरामदगी की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।
स्रोत: अमर उजाला


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।