Maheka Sansar
बुधवार, 21 अक्टूबर 2026
विज्ञापन
Maheka Sansar — यहाँ विज्ञापन दें
Maheka Sansar — यहाँ विज्ञापन दें

दिल्ली हाफ मैराथन: केन्या के चार्ल्स मटाटा ने नए कोर्स रिकॉर्ड के साथ जीता खिताब

58 मिनट 52 सेकंड में दौड़ पूरी कर छह साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा; महिलाओं में इथियोपिया की वुडिनेश अलेमु चैंपियन

दिल्ली हाफ मैराथन: केन्या के चार्ल्स मटाटा ने नए कोर्स रिकॉर्ड के साथ जीता खिताब
फिनिश लाइन पार करते हुए खुशी जताते केन्याई धावक चार्ल्स मटाटा (फोटो: न्यूज18 हिंदी)

राजधानी की सड़कों पर रविवार को हुई वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में केन्या के चार्ल्स मटाटा ने पुरुष एलीट वर्ग का खिताब नए कोर्स रिकॉर्ड के साथ अपने नाम किया। 29 वर्षीय मटाटा ने 58 मिनट 52 सेकंड में दौड़ पूरी की और 2020 में इथियोपिया के अमेदेवोर्क वालेलेग्न के बनाए 58 मिनट 53 सेकंड के रिकॉर्ड को एक सेकंड से पीछे छोड़ दिया। यह उनका निजी सर्वश्रेष्ठ समय भी है।

खास बात यह रही कि दौड़ के दौरान करीब 90 प्रतिशत नमी और 21 डिग्री तापमान था, जिसे लंबी दूरी के धावकों के लिए आदर्श नहीं माना जाता। मटाटा 2023 में यहां दूसरे स्थान पर रहे थे, जबकि उनके जुड़वां भाई एलेक्स मटाटा ने 2025 में यह खिताब जीता था। विजेता को 27,000 डॉलर के साथ रिकॉर्ड तोड़ने पर 12,000 डॉलर का अतिरिक्त बोनस मिलेगा।

पुरुष वर्ग में शीर्ष तीनों स्थान केन्याई धावकों के नाम रहे। सैमवेल न्यामाई मेलू 59 मिनट 24 सेकंड के साथ दूसरे और स्टेनली वाइथाका म्बुरू 59 मिनट 33 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। महिला एलीट वर्ग में इथियोपिया की वुडिनेश अलेमु ने एक घंटा छह मिनट 35 सेकंड में बाजी मारी, जबकि केन्या की सेलाह बुसिनेई दूसरे और सिंथिया चेलंगाट तीसरे स्थान पर रहीं।

भारतीय एलीट पुरुष वर्ग में शैलेश कुशवाहा एक घंटा पांच मिनट पांच सेकंड के समय के साथ पहले और गौरव माथुर एक घंटा पांच मिनट 11 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहे। भारतीय महिला एलीट वर्ग में अंकिता ध्यानी ने एक घंटा 12 मिनट 46 सेकंड में दौड़ पूरी कर शीर्ष स्थान हासिल किया। इस प्रतिष्ठित दौड़ में अलग-अलग वर्गों में करीब 40 हजार धावकों ने हिस्सा लिया।

स्रोत: न्यूज18 हिंदी

यह खबर शेयर करें
ख
खेल डेस्क · संपादकीय डेस्क

खेल डेस्क आपके लिए Maheka Sansar न्यूज़रूम से ताज़ा खबरें लेकर आता है।

खेल डेस्क की और खबरें →

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।