कांग्रेस को बड़ा झटका, मुस्लिम घोसी से समाज ने किया बड़ा फैसला, कांग्रेस को वोट नहीं देंगे

कांग्रेस ने समाज को किया दरकिनार, समाज के व्यक्ति को टिकट देने के लिए राजेंद्र सोलंकी, ओमकार वर्मा से की थी टिकट की मांग, एन वक्त काटा टिकट

जोधपुर। आजादी के बाद से लगातार कांग्रेस पार्टी का समर्थन कर रहे घोसी समाज ने पार्टी नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आगामी नगर निगम चुनाव में घोसी समाज बहुल क्षेत्र उदयमंदिर से बीते 20 वर्षों से दावेदारी पेश कर रहे निष्ठावान कार्यकर्ता शफी मोहम्मद सोलंकी का अंतिम समय में टिकट काटकर बाहरी प्रत्याशी को मैदान में उतार दिया गया। 29 तारीख तक टिकट कन्फर्म होने के आश्वासन के बावजूद ऐन वक्त पर पैराशूटर उम्मीदवार उतारे जाने से आक्रोशित घोसी समाज ने प्रेस वार्ता आयोजित कर जोधपुर के 10 वार्डों में कांग्रेस के पूर्ण बहिष्कार का ऐलान किया है।

प्रेस वार्ता के दौरान समाज के प्रबुद्ध जनों ने बताया कि परसों रात आयोजित आपात बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि यह बहिष्कार केवल स्थानीय निकाय चुनाव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भी कांग्रेस को समर्थन नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अतीत में शिक्षा की कमी के कारण समाज पारंपरिक रूप से कांग्रेस को वोट देता रहा, लेकिन पार्टी से मिली लगातार उपेक्षा के बाद अब समाज की सोच बदल चुकी है और राजनीतिक चेतना आ चुकी है।

अकेले सरदारपुरा क्षेत्र में समाज के लगभग 8,000 से 10,000 मतदाता हैं, जिसे देखते हुए समाज ने आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में अपना निर्दलीय प्रत्याशी उतारने की घोषणा की है। इस महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता के दौरान हाजी मोहम्मद तंवर, शफी सोलंकी, शकूर सोलंकी और जाकिर सोलंकी सहित घोसी समाज के कई वरिष्ठ प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।