कोवीड 19 से ज्यादा खतरनाक वायरस आने वाला है, हो सकती है करोड़ों मौते

What is Disease X: आ रही है कोरोना से भी खतरनाक ‘डिसीज X’ महामारी, हो सकती हैं 5 करोड़ मौतें

नई दिल्ली। एक्सपर्ट्स का कहना है कि वैज्ञानिक हजारों वायरस वाले 25 वायरस समूहों की जानकारी जुटा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि ये वायरस म्यूटेट होकर महामारी में बदल सकते हैं।

कोरोनावायरस महामारी से दुनिया पूरी तरह नहीं उबरी है और जानकार नई बीमारी के दस्तक की आशंका जता रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि अगली महामारी कम से कम 5 करोड़ लोगों की जान ले सकती है। साथ ही माना जा रहा है कि यह कोविड-19 से ज्यादा घातक हो सकती है। विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी WHO की तरफ से अगली महामारी की नाम ‘डिसीज एक्स’ रखा है।

डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, जानकारों के हवाले से बताया जा रहा है कि कोविड-19 सिर्फ शुरुआत हो सकता है। ब्रिटेन की वैक्सीन टास्क फोर्स की चीफ डेम केट बिंघम ने चेतावनी जारी की है कि अगली महामारी कम से कम 5 करोड़ लोगों की जान ले सकती है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया खुशकिस्मत थी कि कोविड इतना ज्यादा घातक नहीं था। इधर, WHO ने आशंका जताई है कि अगली महामारी ‘रास्ते में’ हो सकती है।

कोविड से 7 गुना ज्यादा घातक

बिंघम ने चेतावनी दी है कि डिसीज एक्स कोविड से 7 गुना ज्यादा घातक हो सकती है। साथ ही उनका कहना है कि अगली महामारी पहले से ही धरती पर मौजूद वायरस से आ सकती है। उन्होंने 1918-19 में आई फ्लू महामारी का जिक्र किया और कहा कि पहले मौजूद की वायरस में से कोई एक उतनी ही मौतों की वजह बन सकता है। तब 5 करोड़ से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।

उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक हजारों वायरस वाले 25 वायरस समूहों की जानकारी जुटा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि ये वायरस म्यूटेट होकर महामारी में बदल सकते हैं। खास बात है कि इस निगरानी में वे वायरस शामिल नहीं हैं, जो जानवरों से इंसानों में आ सकते हैं।

वैक्सीन की तैयारियां शुरू

खबर है कि ब्रिटेन में वैज्ञानिक डिसीज एक्स के खिलाफ वैक्सीन तैयार करने का काम शुरू कर चुके हैं। यूके हेल्थ सिक्युरिटी एजेंसी (UKHSA) के प्रमुख प्रोफेसर डेम जेनी हैरीस का कहना है कि जलवायु परिवर्तन जैसे कई फैक्टर भविष्य में आने वाली महामारियों की संभावनाएं बढ़ा रहे हैं। उन्होंने इस मामले में तैयारियों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है।