धौलपुर फ्रेश घी की पूरी सप्लाई चैन की होगी जांच, 655 किलो घी को किया जब्त

बाजार में घटिया की की बिक्री लगातार बढ़ती जा रही है एवं मध्य प्रदेश में धौलपुर फ्रेश घी को कई जगहों पर जब्त किया गया है 

भोपाल। मिलावटी घी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2,095 लीटर/किलोग्राम से अधिक संदिग्ध घी जब्त किया है। अब निर्माता से लेकर सुपर स्टॉकिस्ट, वितरक और रिटेलर तक पूरी सप्लाई चेन की जांच होगी।

राजधानी में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने हमीदिया रोड स्थित श्रीराम डिस्ट्रीब्यूटर्स पर छापा मारकर 2,095 लीटर/किलोग्राम से अधिक घी मिलावटी होने की आशंका में जब्त किया है।

जब्त घी की अनुमानित बाजार कीमत करीब 12.66 लाख रुपये बताई गई है। प्रथम दृष्टया घी की गुणवत्ता संदिग्ध मिलने और उसमें मिलावट की आशंका के चलते पूरे स्टॉक को जब्त कर जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा प्रशासन के आयुक्त के निर्देश और भोपाल कलेक्टर के आदेश पर जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

दो ब्रांड का भारी मात्रा में घी मिला

निरीक्षण के दौरान धौलपुर फ्रेश दानेदार देसी घी और गोवर्धन प्योर काउ घी के 200 मिली, 500 मिली, एक लीटर और 15 किलोग्राम पैक बड़ी मात्रा में मिले। जांच में करीब 655 किलोग्राम धौलपुर फ्रेश घी (अनुमानित कीमत 4.48 लाख रुपये) और 1,440 लीटर गोवर्धन घी (अनुमानित कीमत 8.18 लाख रुपये) जब्त किया गया।