लखनऊ के सआदतगंज में हुए ट्रिपल हत्याकांड के बाद सख्त कार्रवाई करते हुए LDA ने आरोपी के घर को अवैध निर्माण मानते हुए सील कर दिया है और बुलडोजर से तोड़फोड़ की गई है। इस दौरान भारी पुलिस फोर्स भी तैनात की गई है।
ट्रिपल हत्याकांड की पूरी जानकारी
यूपी के लखनऊ में सआदतगंज थाना क्षेत्र के ब्राह्मण टोला, नौबस्ता इलाके में एक मामूली विवाद के बाद सोमवार सुबह लगभग 10:30 बजे ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। इस घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में पिता शिवाजी तिवारी, उनके बेटे सुयश तिवारी और भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभु शामिल हैं।
शिवाजी तिवारी और उनके पड़ोसी ऋषभ शुक्ला के बीच पहले से ही घर के बाहर बरगद के पेड़ के पास चबूतरा बनवाने को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को सुयश ने बरगद के पेड़ के नीचे अपनी कार खड़ी कर दी थी, जिससे विवाद और बढ़ गया।
पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे शिवेंद्र तिवारी मंदिर में जल चढ़ाने गए थे, जहां उनका ऋषभ शुक्ला से विवाद हो गया। यह सुनकर शिवाजी तिवारी भी बाहर आए। इसके बाद आरोपी ऋषभ शुक्ला ने शंभु और शिवाजी को गोली मारी। गोलियों की आवाज सुनकर बाहर निकले सुयश पर भी फायरिंग की गई। इस गोलीबारी में शिवाजी और सुयश की मौके पर मौत हो गई, जबकि शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभु अस्पताल में दम तोड़ बैठे।
शादी से एक दिन पहले सुयश की मौत, आरोपी गिरफ्तार
इस दुखद घटना से मृतकों के परिवार पर गहरा सदमा आया है। 5 दिसंबर को सुयश तिवारी की शादी होनी थी और एक दिन पहले घर में पूजा भी हुई थी। लेकिन अब एक ही घर से तीन अर्थियां निकलीं। पुलिस ने आरोपी ऋषभ शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया है कि ऋषभ पहले मर्चेंट नेवी में काम कर चुका है।
इससे पहले एक अन्य खबर में भी दहेज के लिए की गई हत्या का खुलासा किया गया था, जिसमें ननद, पति और देवर ने तीन लाख की सुपारी देकर गर्भवती महिला की हत्या कराई थी।
लखनऊ में कार खड़ी करने को लेकर दिनदहाड़े हुई यह ट्रिपल मर्डर की घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।