ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद राज्य सरकार ने पुलिस विभाग पर सख्त कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को पद से हटा दिया गया है, जबकि तीन थाना प्रभारियों समेत आठ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित किया गया है।
निलंबित होने वालों में झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, यातायात निरीक्षक राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी तथा आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया और पवन सेंगर शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश भी दिए हैं ताकि जिम्मेदारी तय हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और ड्यूटी में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने की बात भी कही।
सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। सभी घायलों का इलाज मुफ्त होगा। हादसे से प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर जिलों के हैं। मंत्री एदल सिंह कंषाना और राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से जुड़ी व्यवस्थाएं देखने के निर्देश दिए गए हैं।
स्रोत: अमर उजाला


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।