हज पर जाने वालो के लिए खुशखबरी, फार्म का कोई शुल्क नहीं, हज होगा 50 हजार रुपए सस्ता

अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय ने हज 2023 की नई पॉलिसी जारी कर हज यात्रियों को कई सहुलियत को शामिल किया है।

हज पर जाने की ख्वाहिश रखने वाले आजमीन अब निशुल्क आवेदन कर सकेंगे। अभी तक हज यात्रियों को आवेदन शुल्क 300 रूपये जमा करने होते थे। वहीं बगैर महरम कोटे में अकेली महिला को भी आवेदन करने की छूट दी गई है। अभी बगैर महरम के कोटे में चार के ग्रुप में महिलाएं आवेदन कर सकती थीं।

अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय ने हज 2023 की नई पॉलिसी जारी कर हज यात्रियों को कई सहुलियत को शामिल किया है। इसके अलावा भारत को मिले हज सीटों के कोटे में इस बार निजी टूर ऑपरेटरों के मिलने वाले हज सीटों के कोटे में 10 फीसद तक की कटौती की गई है।

हज 2023 की नई पॉलिसी जारी होने के बाद  इसमें देश भर के हज यात्रियों को कई सहुलियतों का तोहफा मिलने की उम्मीद जताई गई थी।
हज कमेटी ऑफ इंडिया देश भर में हज यात्रा कार्यक्रम को संचालित करने के लिए पांच साल के लिए हज की पॉलिसी तैयार करती है। साल 2018 में तैयार की गई हज पॉलिसी साल 2022 में समाप्त हो गई थी। अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय भारत सरकार ने सोमवार को हज 2023 के लिए नई हज पॉलिसी जारी कर हज यात्रियों को कई सहुलियतें दी हैं।
उत्तर प्रदेश राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मोहसिन रजा ने बताया कि हज 2023 की नई हज पॉलिसी में हज आवेदन को निशुल्क कर दिया गया है। अब हज यात्रियों को कोई शुल्क नहीं देना होगा। उन्होंने बताया कि 45 साल से ज्यादा की उम्र की ऐसी महिलाएं जिनके साथ शरई महरम (ऐसे पुरुष साथी जिनसे पर्दा न हो) के तौर पर कोई पुरुष न हो, ऐसी महिलाएं अब समूह के बजाए अकेली भी हज के लिए आवेदन कर सकेंगी।
हज सीटों के कोटे का 80 फीसद प्रदेश की हज कमेटियों को
हज कमेटी के चेयरमैन ने बताया कि नई पॉलिसी में निजी टूर ऑपरेटरों की हज सीटों के कोटे में 10 फीसद की कटौती करते हुए सऊदी अरब सरकार से भारत को मिलने वाले हज सीटों का 80 फीसद हज कमेटियों को आरक्षित किया गया है। जबकि 20 फीसद सीटे निजी टूर ऑपरेटरों को दी जाएंगी। अभी तक निजी टूर ऑपरेटरों को 30 फीसद सीटें मिलती थीं। उन्होंने बताया कि इस बार भारत के लिए 1,75,025 सीटें सऊदी अरब सरकार ने जारी की हैं। उन्होंने बताया कि हज खर्च को कम करने के लिए हज यात्रियों से बैग, सूटकेस, छाता, चादर का पैसा जमा नहीं कराया जाएगा। हज यात्री इन सामानों को अपने स्तर से खरीद सकेंगे। उन्होंने इस बार 50 से 60 हजार रुपये हज खर्च सस्ता होने का भी दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *