मारुति फूड प्रोडक्ट पर कार्यवाही, 765 किलो घी को किया जब्त

नोखा। शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत शनिवार को रीको इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मैसर्स श्री मारुति फूड प्रोडक्ट घी निर्माता फैक्ट्री पर कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई अतिरिक्त आयुक्त भगवतसिंह और सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध के नेतृत्व में खाद्य अधिकारियों के दल ने की।

अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने बताया-कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री से 765 किलोग्राम घी मिलावट के संदेह पर जब्त किया गया। इसका एक नमूना एफएसएस एक्ट के तहत जांच के लिए लिया गया है। फर्म मालिक मुकेश पारीक ने बताया कि वे गुजरात से क्रीम मंगाकर उसे गर्म करके घी बनाकर बेच रहे थे।

कम भाव 410 से 420 रुपए प्रति किलो बेच रहे थे

फर्म यह घी 410 से 420 रुपए प्रति लीटर के भाव से बेच रही थी, जबकि बाजार में घी का न्यूनतम भाव 525 रुपए प्रति लीटर है। इस मूल्य अंतर ने मिलावट के संदेह को और पुख्ता किया। जांच के लिए सैंपल लिए इसी अभियान के तहत, मैसर्स युवराज फ़ूड प्रोडक्ट, फड़ बाजार से नमकीन और केसर बाटी का एक-एक नमूना भी एफएसएस एक्ट के तहत लिया गया। इसके अतिरिक्त, NUCHEM फ़ूड, इंडस्ट्रियल एरिया खारा से रिफाइंड ग्राउंड नट आयल का एक नमूना भी जांच के लिए लिया गया। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार शर्मा और अमित शर्मा शामिल रहे। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।