सलूंबर में ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान तेज, डेयरियों से लिए 5 दूध के नमूने

सलूंबर। जिले में आमजन को शुद्ध व सुरक्षित दूध उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत सघन कार्रवाई शुरू की है। अभियान के दौरान विभागीय टीम ने विभिन्न दूध एकत्रीकरण केंद्रों और डेयरियों का निरीक्षण करते हुए 5 दूध के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

यह विशेष अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान टी. शुभ मंगला के निर्देश, जिला कलक्टर मोहम्मद जुनैद तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। विभाग का मुख्य उद्देश्य विशेषकर बरसात के मौसम में मिलावट की आशंका को देखते हुए उपभोक्ताओं तक गुणवत्तापूर्ण दूध पहुंचाना है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी के नेतृत्व में टीम ने केवड़ा दूध डेयरी और जय मुलेश्वरी डेयरी का निरीक्षण कर नमूने लिए। इसके बाद धावड़िया स्थित दूध एकत्रीकरण केंद्र पर भी कार्रवाई की गई। उल्लेखनीय है कि इसी केंद्र से पूर्व में लिया गया नमूना जांच में अमानक पाया गया था, जिस पर संबंधित फर्म के विरुद्ध न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका है। पुनः उसी केंद्र से नमूना लेकर जांच हेतु भेजा गया है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार परमार ने बताया कि मौसम परिवर्तन के दौरान दूध सहित अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की संभावना बढ़ जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए जिलेभर में निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को एफएसएसएआई लाइसेंस प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने, खुले में खाद्य सामग्री का विक्रय नहीं करने तथा निर्माण में गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल के उपयोग के निर्देश दिए।

कार्रवाई के दौरान प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश पुष्करणा, निशा मीणा एवं सहायक शूरवीर सिंह भी मौजूद रहे। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी अभियान को और तेज किया जाएगा।