राज्यभर की प्रतिभाओं को मिलेगा मंच, मॉडलिंग और फिल्म इंडस्ट्री तक पहुंचने मिलेगा मंच
जोधपुर। राजस्थान की प्रतिभाशाली युवतियों को एक सशक्त मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित होने जा रहे क्राउन मिस राजस्थान को लेकर मंगलवार को जोधपुर में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान आयोजन की रूपरेखा, चयन प्रक्रिया और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का ऑडिशन 4 अक्टूबर 2026 (रविवार) को जोधपुर में आयोजित किया जाएगा। अब तक करीब 80 प्रतिभागियों ने रजिस्ट्रेशन करवा लिया है, जबकि पंजीकरण प्रक्रिया अभी भी जारी है। आयोजन के फाइनल चरण में प्रतिभागियों में से लगभग तीन विजेताओं का चयन किया जाएगा। आयोजकों का उद्देश्य चयनित प्रतिभाओं को मॉडलिंग और मनोरंजन क्षेत्र में आगे बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें बॉलीवुड तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करना है।
राज्यभर में होंगे ऑडिशन
क्राउन मिस राजस्थानके फाउंडर एवं डायरेक्टर कुणाल शर्मा ने बताया कि जोधपुर के बाद चयन प्रक्रिया को राजस्थान के अन्य जिलों में भी विस्तार दिया जाएगा। इसके तहत उदयपुर, जयपुर, जैसलमेर और बीकानेर सहित कई शहरों में टीम सक्रिय रहकर प्रतिभाओं का चयन करेगी।
केवल ब्यूटी पेजेंट नहीं, व्यक्तित्व विकास भी लक्ष्य
आयोजकों के अनुसार यह प्रतियोगिता केवल सौंदर्य प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य युवतियों में आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और प्रतिभा को निखारना भी है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। प्रेस वार्ता के दौरान मंच पर फाउंडर एवं डायरेक्टर कुणाल शर्मा के साथ जया दइया, खुशी स्वर्णकार, जीविशा, ख्याति और दीपक सहित पूरी टीम मौजूद रही।
