फुजीफिल्म इंडिया ने जोधपुर में शुरू की एंडोस्कोपी मैन्युफैक्चरिंग, ‘मेक इन इंडिया’ को मिलेगा बल

• यह पहल भारत सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ योजना को मजबूत करेगी। इससे देश में एंडोस्कोपी निर्माण का आधार मजबूत होगा और मिनिमली इनवेसिव डायग्नोस्टिक तकनीकों तक पहुंच बेहतर होगी।

• ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों का कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग जोधपुर में एक स्थानीय निर्माण साझेदार के माध्यम से किया जाएगा। यह निर्माण फुजीफिल्म के वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त जापानी गुणवत्ता मानकों के अनुसार होगा। चरणबद्ध तरीके से एंडोस्कोपी सिस्टम का लोकलाइजेशन बढ़ाया जाएगा, ताकि उच्च प्रदर्शन वाले डायग्नोस्टिक समाधानों की बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके।

• यह कदम गुणवत्ता-आधारित विस्तार और दीर्घकालिक हेल्थकेयर इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के प्रति कंपनी की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

जोधपुर। एडवांस डायग्नोस्टिक इमेजिंग सॉल्यूशन के लिए प्रसिद्ध फुजीफिल्म इंडिया ने आज राजस्थान के जोधपुर में एंडोस्कोपी मैन्यूफेक्चरिंग यूनिट के उद्घाटन की घोषणा की। यह भारत में कंपनी की एंडोस्कोपी यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और भारत सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ पहल के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित करता है।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि श्री गजेंद्र सिंह शेखावत जी, माननीय केंद्रीय मंत्री, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार थे, जबकि श्री गजेंद्र सिंह खींवसर जी, माननीय कैबिनेट मंत्री, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, राजस्थान सरकार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्री हरुतो इवाटा, मैनेजिंग डायरेक्टर, फुजीफिल्म एशिया पेसिफिक प्राइवेट लिमिटेड तथा श्री कोजी वाडा, मैनेजिंग डायरेक्टर, फुजीफिल्म इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सहित स्वास्थ्य क्षेत्र एवं सरकारी संस्थानों के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

यह विस्तार फुजीफिल्म इंडिया की स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमताओं में एक रणनीतिक प्रगति को दर्शाता है और हाई क्वालिटी, स्थानीय रूप से निर्मित स्वास्थ्य तकनीकों के माध्यम से भारत के हेल्थकेयर इकोसिस्टम को सशक्त बनाने की कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को स्पष्ट करता है। यह पहल फुजीफिल्म के वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त जापानी क्वालिटी एवं लोकलाइजेशन स्टैंडर्ड्स के अनुरूप है, जिसमें एडवांस प्रोडक्शन प्रोसेस, रॉबस्ट क्वालिटी सिस्टम और सटीकता-आधारित कार्यप्रणालियाँ(प्रिसिजन ड्रिवन प्रैक्टिसेज) शामिल हैं।

नेशनल लोकलाइजेशन फ्रेमवर्क के अंतर्गत यह पहल एडवांस एंडोस्कोपी सिस्टम के स्थानीय निर्माण को समर्थन देगी, जो बेहतर डायग्नोस्टिक सटीकता और अधिक सुगम एंडोस्कोपिक जांच की बढ़ती आवश्यकता को पूरा करने के लिए डिजाइन किए गए हैं। इन सिस्टम्स में एलईडी लाइट सोर्स शामिल हैं, जो बहुरंगी एलईडी रोशनी को सटीक रूप से नियंत्रित करते हैं। साथ ही उन्नत इमेज प्रोसेसिंग तकनीकें स्पष्ट और क्लिनिकली रिलेवेंट इमेजेस प्रदान करती हैं, जो विभिन्न डायग्नोस्टिक आवश्यकताओं के अनुरूप होती हैं। प्रमुख विशेषताओं में ब्लू लाइट इमेजिंग (बीएलआई) शामिल है, जो म्यूकोसल सतह की सूक्ष्म रक्त वाहिकाओं और माइक्रोस्ट्रक्चर्स की बेहतर दृश्यता प्रदान करता है, तथा लिंक्ड कलर इमेजिंग (एलसीआई), जो विशेष रूप से लाल क्षेत्रों में छोटे से छोटे रंग भेद को भी उभार देता है और एंडोस्कोपिक जांच के दौरान चिकित्सकों की सहायता करता है।

इस अवसर पर माननीय केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत जी ने कहा, “विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब हम स्वास्थ्य, तकनीक, इंफ्रास्ट्रक्चर और मानव संसाधन जैसे क्षेत्रों में देश के भीतर विश्वस्तरीय क्षमता विकसित करेंगे। अमृत काल में मेडिकल डिवाइस जैसे हाई-प्रिसिजन सेक्टर में घरेलू निर्माण बढ़ाना राष्ट्रीय विकास के लिए जरूरी है। इससे मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा और भारत एक विश्वसनीय वैश्विक केंद्र के रूप में उभरेगा।”

राजस्थान सरकार के चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री गजेंद्र सिंह खींवसर जी ने कहा, “विकसित राजस्थान @2047 का लक्ष्य रोजगार बढ़ाना, इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करना और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देना है। जोधपुर में एंडोस्कोपी निर्माण यूनिट शुरू होना इस बात का संकेत है कि राजस्थान का औद्योगिक माहौल निवेश के लिए अनुकूल है। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और दीर्घकालिक औद्योगिक क्षमता विकसित होगी।”

फूजीफिल्म एशिया पैसिफिक प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री हरुतो इवाटा ने कहा, “भारत में हेल्थकेयर सेक्टर तेजी से बदल रहा है। अब शुरुआती पहचान, कम इनवेसिव डायग्नोस्टिक्स और भरोसेमंद मेडिकल टेक्नोलॉजी पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। हम जापानी गुणवत्ता और आधुनिक एंडोस्कोपी तकनीक को भारत में लाकर डायग्नोस्टिक क्षमता मजबूत करना चाहते हैं। साथ ही हम टिकाऊ और उच्च गुणवत्ता वाली मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण में योगदान देंगे।”

फूजीफिल्म इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री कोजी वाडा ने कहा, “यह उपलब्धि भारत में हमारी हेल्थकेयर मौजूदगी को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। हमारा उद्देश्य ‘ गिविंग ऑर वर्ल्ड मोर स्माइल्स’ है। हम भारत के डॉक्टरों और अस्पतालों को ऐसी तकनीक देना चाहते हैं, जो डायग्नोस्टिक सिस्टम को मजबूत करे। हम अपने अनुभव और विशेषज्ञता के साथ सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

कंपनी भविष्य में ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों का दायरा बढ़ाने पर भी विचार कर रही है, ताकि पड़ोसी देशों के बाजारों को भी सपोर्ट किया जा सके। इससे भारत फुजीफिल्म के ग्लोबल हेल्थकेयर नेटवर्क में एक मजबूत निर्माण और सप्लाई हब के रूप में उभरेगा।

इस उद्घाटन के साथ फुजीफिल्म इंडिया ने हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी के स्थानीय निर्माण में भारत की बढ़ती भूमिका को और मजबूत किया है। यह भारत और जापान की साझा सोच को दर्शाता है, जिसका लक्ष्य भरोसेमंद और भविष्य के लिए तैयार डायग्नोस्टिक समाधान विकसित करना है।