आगरा जनपद में मिलावटी खाद्य तेल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। रविवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बाह तहसील के पुरा भगवान गांव में छापा मारकर 990 किलो तेल सीज कर दिया। आशंका है कि राइस ब्रान ऑयल और सरसों के तेल में मिलावट की जा रही थी।
आगरा। उपजिलाधिकारी बाह संतोष कुमार शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने थाना खेड़ा राठौर क्षेत्र के पुरा भगवान गांव में श्रीमती प्रिया पत्नी रविन्द्र सिंह के खाद्य तेल प्रतिष्ठान पर छापामार कार्रवाई की। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कोमल सिंह और गजेन्द्र सिंह शामिल रहे।
कार्रवाई के दौरान गोदाम में 622 किलो राइस ब्रान ऑयल और 372 किलो सरसों का तेल भंडारित मिला। टीम ने मिलावट की आशंका पर दोनों तेलों का एक-एक नमूना जांच के लिए विधिवत सील कर लैब भेज दिया।
1.33 लाख का तेल सीज जांच पूरी होने तक शेष 620 किलो राइस ब्रान ऑयल और 370 किलो सरसों का तेल सीज कर दिया गया। राइस ब्रान ऑयल की कीमत करीब 77,500 रुपए और सरसों तेल की कीमत 55,500 रुपए आंकी गई है। कुल 990 किलो तेल, जिसकी कीमत 1 लाख 33 हजार रुपए है, खाद्य कारोबारी की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। अब कारोबारी इसे बेच नहीं सकेगा। रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई विभाग का कहना है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अगर सैंपल फेल हुए तो खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लाइसेंस निरस्त करने तक की कार्रवाई होगी।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने साफ किया कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मिलावटखोरों के खिलाफ आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। आम लोगों से अपील है कि मिलावटी सामान की सूचना तुरंत विभाग को दें। दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी।