घी में मिलावट, दूध, नमकीन सहित कई पदार्थों में मिलावट पाई गई

राजगढ़। जिले में खाद्य सामग्री में मिलावट का बड़ा मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में घी, नमकीन व अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल अमानक पाए गए हैं। खास बात यह है कि एक मामले में घी के नाम पर तेल का मिश्रण बेचा जा रहा था।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक ने बताया कि हाल ही में लिए गए सैंपलों की जांच रिपोर्ट में कई खाद्य पदार्थ फेल पाए गए हैं। सारंगपुर स्थित मदीना होटल से लिया गया घी का नमूना जांच में फेल हुआ, जिसमें घी की जगह दो प्रकार के तेल का मिश्रण पाया गया।

सारंगपुर के बीकानेर मिष्ठान भंडार से लिया गया मेथी पारा नमकीन का सैंपल भी फेल पाया गया। इसके अलावा शबनम मार्ट आरके ट्रेडर्स से लिया गया नमकीन नमूना भी अमानक निकला। छापीहेड़ा के महेश किराना स्टोर से लिया गया श्री लाभ ब्रांड घी का सैंपल भी मानकों पर खरा नहीं उतरा। वहीं राजगढ़ कालीपीठ स्थित बालाजी डेयरी से लिया गया दूध का नमूना भी अमानक पाया गया।