जोधपुर के डॉ. प्रीतम सिंह ने एआई इन हेल्थकेयर कोर्स में हासिल किए 98% अंक

जोधपुर। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत द्वितीय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (डिप्टी सीएमएचओ) डॉ. प्रीतम सिंह ने चिकित्सा क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते महत्व को देखते हुए नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंस द्वारा आयोजित छह माह के ऑनलाइन एआई इन हेल्थकेयर कोर्स/ एआई इन एजुकेशन पाठ्यक्रम को सफलतापूर्वक पूर्ण किया है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में उन्होंने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की।

एनबीईएमएस द्वारा शुरू किया गया यह छह माह का ऑनलाइन कार्यक्रम चिकित्सकों और चिकित्सा शिक्षकों को स्वास्थ्य सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सुरक्षित, नैतिक और प्रभावी उपयोग के लिए प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से संचालित किया गया। कार्यक्रम में एआई के चिकित्सा क्षेत्र में उपयोग, क्लीनिकल निर्णय, रोग निदान, रोगी सुरक्षा, चिकित्सा शिक्षा और नैतिक पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। डॉ. प्रीतम सिंह ने कहा कि आने वाले समय में एआई स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग वे जनस्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने में करेंगे।