ग्रेटर नोएडा, प्रमुख संवाददाता। खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को मिलावटी प्रतीत होने पर करीब 300 किलोग्राम पनीर को नष्ट कराया। साथ ही, जिलेभर के विभिन्न प्रतिष्ठानों से दूध और उससे बने उत्पादों के 12 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। सहायक आयुक्त द्वितीय सर्वेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को विभागीय टीम ने ग्रेनो के हल्दौनी स्थित चौधरी डेरी से पनीर का नमूना लेकर शेष 100 किलोग्राम पनीर नष्ट कराया। टीम ने जांच के आधार पर पनीर को मिलावटी पाया तथा मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त होने के कारण उसे नष्ट करा दिया। वहीं, सेक्टर-15 स्थित चौहान डेरी से पनीर का एक नमूना लिया व शेष लगभग 200 किलोग्राम पनीर प्रथम दृष्टया मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त होने के कारण नष्ट करा दिया। इसके अलावा सेक्टर-65 स्थित हल्दीराम स्नैक्स प्राइवेट लिमिटेड से दूध व पनीर का एक एक नमूना लिया गया। जहांगीरपुर स्थित प्रमोद डेरी से दूध का नमूना लिया। इस प्रकार कुल पांच नमूने थोक विक्रेताओं, डेरी से लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
पैकेड पदार्थों के सात नमूने जांच को भेजे
शुक्रवार को हबीबपुर स्थित कांटिनेंटल मिल्कोज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से भी पैकेड गाय के दूध का नमूना लिया। फेस 2 स्थित सोवेंस फॉर्मेज डेरी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से मक्खन का नमूना, प्रोसेस्ड चीज स्प्रेड के दो नमूने एवं चीज का नमूना लिया गया। सेक्टर 45 स्थित डाबर डेरी से पनीर का नमूना लिया गया। सेक्टर 68 स्थित ऑर्गेनिक्ट फ्रेश प्राइवेट लिमिटेड से पिज्जा सॉस का नमूना लिया गया। इस प्रकार कुल 7 नमूनें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।