दौसा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 3000 लीटर संदिग्ध और मिलावटी दूध से भरी एक पिकअप को पकड़ा है। एएसपी लालसोट को मिली सूचना के आधार पर तालचिड़ी क्षेत्र में नाकाबंदी कर यह कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच के दौरान दूध में बदबू, रंग में बदलाव और खट्टापन पाया। इसके बाद सैम्पल लेकर दूध को मौके पर ही नष्ट कराया गया। पुलिस ने पिकअप चालक को डिटेन कर लिया है।
सूचना के आधार पर तालचिड़ी में की नाकाबंदी
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सलेमपुर थाना इंचार्ज संतचरण गुर्जर के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। एएसपी लालसोट को मिली सूचना के बाद तालचिड़ी क्षेत्र में नाकाबंदी की गई। इस दौरान बयाना की ओर से आ रही एक पिकअप को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान पिकअप में रखी बड़ी प्लास्टिक टंकियों और ड्रमों में करीब 3 हजार लीटर दूध जैसा सफेद पदार्थ भरा हुआ मिला।
जांच में दूध में मिला बदबू और खट्टापन
खाद्य सुरक्षा अधिकारी और उनकी टीम ने टंकियों में भरे पदार्थ की जांच की। जांच के दौरान दूध में बदबू, रंग में बदलाव और हल्का खट्टापन पाया गया। प्रथम दृष्टया इसे मिलावटी और उपयोग के लायक नहीं माना गया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने सैम्पल लिए।
चारागाह क्षेत्र में करवाया गया नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस टीम की मौजूदगी में बाढ़ा रोड स्थित चारागाह क्षेत्र में दूध का निस्तारण कराया गया। वहीं पिकअप चालक की पहचान तेजसिंह गुर्जर (29) निवासी शेरगढ़, भरतपुर के रूप में हुई, जिसे पुलिस ने डिटेन कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।