उत्तर प्रदेश में मिलावटखोरों पर अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही, 11.66 करोड़ का माल जब्त

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने मिलावटखोरों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा विशेष अभियान चलाते हुए प्रदेशभर में व्यापक कार्रवाई की। अभियान के दौरान 3,537 निरीक्षण और 2,075 छापेमारी की गई, जिसमें 2,965 खाद्य नमूने जांच के लिए प्रयोगशालाओं में भेजे गए।

कार्रवाई के दौरान 2,929.86 क्विंटल खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹11.66 करोड़ बताई गई है। वहीं 551.71 क्विंटल असुरक्षित और मिलावटी खाद्य पदार्थ (करीब ₹63.17 लाख मूल्य) मौके पर ही नष्ट कराए गए। यह विशेष अभियान विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर लिए गए संकल्प के तहत चलाया गया। सरकार ने स्पष्ट किया कि इसका उद्देश्य छोटे दुकानदारों को परेशान करना नहीं, बल्कि संगठित रूप से मिलावट करने वालों पर सख्त कार्रवाई करना है।

दूध, घी, मसाले और तेल पर खास फोकस

एफएसडीए ने अभियान के दौरान दूध, दुग्ध उत्पाद, घी, मसाले, खाद्य तेल, पैकेज्ड पेयजल, जैम, जेली, सॉस, अचार और चटनी जैसे उत्पादों की व्यापक जांच की। मसालों के 1,055 नमूने लिए गए, जिनमें 419.7 क्विंटल मसाले जब्त किए गए और 80.47 क्विंटल अनुपयोगी मसालों को नष्ट कराया गया।

दूध और दुग्ध उत्पादों पर सबसे बड़ी कार्रवाई हुई। 572 छापों में 885 नमूने लिए गए, जिसमें 1,876.66 क्विंटल उत्पाद (₹10.66 करोड़ मूल्य) जब्त किए गए, जबकि 211.96 क्विंटल असुरक्षित सामग्री नष्ट कराई गई। खाद्य तेल इकाइयों की जांच में 210 नमूने लिए गए और करीब 4,153 किलोलीटर तेल जब्त किया गया। गड़बड़ी मिलने पर 14 इकाइयों के ब्रांडों पर सुधार तक रोक लगा दी गई।

पैक्ड पानी की 57 फैक्ट्रियां सील, लिए नमूने

पैकेज्ड पेयजल इकाइयों पर भी बड़ी कार्रवाई करते हुए 212 छापों में 224 नमूने लिए गए। जांच के बाद 56 इकाइयों को नोटिस, 41 लाइसेंस निलंबित और 57 इकाइयों को सील किया गया, जबकि 37 इकाइयों का उत्पादन बंद कराया गया। 397 नमूनों में से 119 असुरक्षित और 194 अधोमानक पाए गए।

घी के 11 ब्रांडों पर पूरे तरीके से रोक

जांच में घी के कई नमूने असुरक्षित पाए जाने पर 11 ब्रांडों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर सुधार होने तक प्रतिबंध लगाया गया।

6 जिलों में मिलावटखोरों पर एफआईआर दर्ज

गंभीर मामलों में शाहजहांपुर, मथुरा, अमरोहा, अलीगढ़, बदायूं और उन्नाव में एफआईआर दर्ज की गई।

शाहजहांपुर: सिंथेटिक रंग से बनी 400 किलो सौंफ जब्त

मथुरा: बिना लाइसेंस डेयरी संचालन

अमरोहा: प्रतिबंधित पदार्थों से बटर निर्माण

अलीगढ़: नकली पनीर फैक्ट्री पकड़ी गई

बदायूं: नकली दूध-घी का खुलासा

उन्नाव: सील फैक्ट्री दोबारा चलाने पर कार्रवाई

जनता का भरोसा बढ़ाना हमारा लक्ष्य

एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं का भरोसा मजबूत करना और व्यापारियों में खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की संस्कृति विकसित करना है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई खासतौर पर बड़े स्तर पर मिलावट करने वालों पर केंद्रित रही।