राजस्थान नगरीय निकाय चुनाव 2026 का कार्यक्रम घोषित, 6 व 9 सितंबर को होगा मतदान

जयपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव 2026 को लेकर चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। चुनाव प्रक्रिया तीन चरणों—सदस्य, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष—के लिए अलग-अलग तिथियों में आयोजित होगी।

सबसे पहले सदस्य पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी। इसके तहत 22 अगस्त 2026 को लोक सूचना जारी की जाएगी, जबकि नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 27 अगस्त निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 29 अगस्त को होगी और 31 अगस्त को दोपहर 3 बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद 1 सितंबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

सदस्य पद के लिए मतदान दो चरणों में कराया जाएगा, जिसमें प्रथम चरण 6 सितंबर और द्वितीय चरण 9 सितंबर 2026 को आयोजित होगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। सभी निकायों की मतगणना 11 सितंबर को की जाएगी।

अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कार्यक्रम सदस्य चुनाव के बाद शुरू होगा। 12 सितंबर को लोक सूचना जारी होगी और 14 सितंबर तक नामांकन भरे जा सकेंगे। 15 सितंबर को जांच तथा 16 सितंबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होगी। मतदान 19 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा, जिसके तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।

वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन 20 सितंबर 2026 को आयोजित होगा। इस दिन सुबह 10 बजे बैठक प्रारंभ होगी और 11 बजे तक नामांकन लिए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 11:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगी तथा नाम वापसी दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक की जा सकेगी। आवश्यकता पड़ने पर मतदान कराया जाएगा और मतगणना मतदान समाप्त होते ही कर दी जाएगी।

चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही प्रदेश के नगरीय निकायों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और संभावित प्रत्याशी अपनी तैयारियों में जुट गए हैं।