द्वारकेश, शगुन, गोवर्धन,भूमि, धौलपुर फ्रेश, गोपी श्री ब्रांड के घी हो सकते है जानलेवा, जांच में असुरक्षित पाए गए

भोपाल। मध्य प्रदेश में मिलावट के आंकड़े साल-दर-साल बढ़ते जा रहे हैं। खासकर त्यौहारी मौसम में मिलावटी और नकली मावा और पनीर व्यापक स्तर पर बाजार में उतारा जाता है। ये हालत तब है जब मध्य प्रदेश में मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई में सख्ती की जा रही है। देश में मध्य प्रदेश मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई करने के मामले में तीसरे नंबर पर है।

मुरैना में 23 लोगों पर 1 करोड़ जुर्माना

इसी साल फरवरी में मुरैना में मिठाइयों में मिलावट करने पर 23 लोगों पर लगाया 1 करोड़ से ज्यादा का जुर्माना ठोका गया. जांच में दूध, मावा, पनीर, मिल्क केक, वनस्पति घी, पाम ऑयल, रिफाइंड तेल, डिटर्जेंट युक्त घोल और अन्य रसायन अमानक पाए गए. मिलावटी मिठाई और मावा विक्रेताओं के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। मुरैना व आसपास के जिलों में हर साल छापेमारी और कार्रवाई के बावजूद मिलावट का यह खेल बदस्तूर जारी है। हर साल भारी मात्रा में नकली मावा और नकली मिठाइयां जब्त की जाती हैं।

भोपाल में जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स, ED की कार्रवाई

इसी साल मार्च व अप्रैल में मध्य प्रदेश में इंटरनेशल सिंडिकेट को लेकर सख्त कार्रवाई हुई। मध्य प्रदेश के इतिहास में मिलावटखोरी का सबसे बड़ा और पहला मामला है, जिसमें ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के तहत सीधे एक्शन लिया. जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर किशन मोदी व सीईओ सुनील त्रिपाठी को गिरफ्तार किया गया। इस कंपनी पर ₹20.59 करोड़ के घोटाले का आरोप है. आरोप है कि दूध के असली फैट की जगह पाम ऑयल और खतरनाक केमिकल्स मिलाकर नकली पनीर, चीज और दूध के प्रॉडक्ट बनाया गया।

मुरैना में फूड सेफ्टी टीम के ताबड़तोड़ छापे

मुरैना में रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसा है. शुक्रवार को विशेष अभियान के तहत विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर घी के नमूने लिए गए. कार्रवाई के दौरान अलग-अलग ब्रांड का करीब 625 किलो घी जब्त किया गया, जिसकी कीमत 4 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। यह कार्रवाई राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल में पहले भेजे गए कुछ नमूनों के असुरक्षित पाए जाने के बाद की गई। मुरैना के मारकंडेश्वर बाजार स्थित महेशचंद्र प्रदीप कुमार के प्रतिष्ठान से धौलपुर फ्रेश ब्रांड के 450, 180 और 90 एमएल पैकिंग के नमूने लिए गए. मौके से अलग-अलग पैकिंग का कुल 625 किलो घी जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 4 लाख 12 हजार रुपये बताई गई है।

रिपोर्ट आने तक घी रहेगा जब्त

तेलीपाड़ा स्थित एसएम ट्रेडिंग कंपनी से उमंग ब्रांड घी का नमूना लिया गया। जीवाजीगंज स्थित महाकाल इंटरप्राइजेज से गोवर्धन गाय के घी का नमूना लेने के साथ 500 एमएल के 18 पैकेट जब्त किए गए। जौरा के अस्पताल रोड स्थित जगदीश किराना स्टोर पर भी टीम पहुंची, जहां धौलपुर फ्रेश घी के नमूने लिए गए और 180 एमएल के 44 तथा 450 एमएल के 6 पैकेट जब्त किए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार भोपाल प्रयोगशाला में जांच के दौरान द्वारकेश, शगुन, गोवर्धन, दानेदार, भूमि, धौलपुर फ्रेश, गोपी श्री ब्रांड के घी के नमूने असुरक्षित पाए गए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवनीश गुप्ता ने बताया “शहर में अलग-अलग स्थानों पर घी के सैंपल लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए भोपाल लैब भेजा गया है।रिपोर्ट आने तक घी को जब्त रखा गया है.”

मध्य प्रदेश में हाल ही में हुई है कई बड़ी कार्यवाहियां

फरवरी 2026 : मुजफ्फरनगर से रतलाम में सप्लाई गाय का देसी शुद्ध संदिग्ध। 1600 लीटर घी जब्त
फरवरी 2026 : मुरैना में मिठाइयों में मिलावट करने पर 23 लोगों पर लगाया 1 करोड़ जुर्माना।
अप्रैल 2026 :मिलावट के मामले में ED ने जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स के किशन मोदी और सीईओ सुनील त्रिपाठी को गिरफ्तार किया।
अगस्त 2026 :इंदौर में ‘गोवर्धन घी’ संदिग्ध मिलने पर पूरे स्टॉक पर रोक, करीब 25,000 लीटर स्टॉक की बिक्री और सप्लाई पर तत्काल रोक.अगस्त 2026 :उज्जैन में कम कीमत वाले ‘मिल्क क्रीम’ घी की जब्ती, 1,400 लीटर संदिग्ध देसी घी बरामद।