मध्यप्रदेश में घटिया घी के खिलाफ विभाग ने कमर कसी, धौलपुर फ्रेश घी और गोवर्धन घी ब्रांड का 58 लीटर घी जब्त

सागर। आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए खाद्य विभाग ने जिले में मिलावट के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में रविवार को खाद्य विभाग की टीम ने तुलसीनगर वार्ड स्थित कृष्णा इंटरप्राइजेस का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान फर्म से “गोवर्धन प्योर काऊ घी” के खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सैंपल लिए गए। संदेह के आधार पर 500 एमएल के 36 जार, यानी कुल 18 लीटर घी जब्त किया गया। जब्त किए गए घी के नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।

इससे पहले विभाग की टीम ने पूजा सेल्स पर भी कार्रवाई की। जांच के दौरान वहां “धौलपुर फ्रेश घी” पाया गया, जिसमें मिलावट की आशंका के चलते सैंपल लिए गए। साथ ही मौके से 225 जार, यानी करीब 40.5 लीटर घी जब्त किया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह ने बताया कि जिले में शुद्ध खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विशेष रूप से दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए टीम द्वारा नियमित रूप से औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सभी सैंपलों को जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित फर्मों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।