बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। जदयू ने मोकामा सीट से विधायक अनंत सिंह को छह साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया है। इस फैसले के बाद राजद नेता तेजस्वी यादव ने अनंत सिंह के मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
अनंत सिंह को JDU से छह साल के लिए निष्कासन
अनंत सिंह ने हाल ही में विधानपरिषद चुनाव में जदयू के उम्मीदवार नीरज सिंह के खिलाफ प्रचार किया था। उन्होंने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जनसुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार किया, जिससे पार्टी ने नाराजगी जताई। पार्टी के कई समझाने के प्रयासों के बाद भी अनंत सिंह नहीं माने, इसलिए उन्हें छह साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया गया।
तेजस्वी यादव का बयान
राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "जब विश्वास मत चल रहा था, तब हमारे तीन विधायक थे जिनमें नीलम देवी (अनंत सिंह की पत्नी), आनंद मोहन के बेटे और प्रह्लाद यादव शामिल थे। हमने उस समय भविष्यवाणी की थी कि जो समर्थन आप दे रहे हैं, उसका परिणाम समय बताएगा। आज आनंद मोहन परेशान हैं, प्रह्लाद यादव को टिकट नहीं मिला और अनंत सिंह की स्थिति देखिए।"
तीनों ने पार्टी के साथ गद्दारी की- तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने कहा, "इन तीनों ने पार्टी के साथ गद्दारी की थी और हमने पहले ही चेतावनी दी थी। आज वह सच साबित हो रहा है। हमने कहा था कि चुनाव के बाद ये लोग नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाएंगे। चुनाव के 100 दिन के भीतर नीतीश कुमार को हटाया गया। हमने यह भी कहा था कि चुनाव के बाद जदयू खत्म हो जाएगी क्योंकि आज पार्टी के अंदर ही लड़ाई चल रही है।"
इसके अलावा, अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी का भी राज्य मंत्री का दर्जा समाप्त कर दिया गया है और उन्हें पटना के मॉल रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने का नोटिस मिला है।
अनंत सिंह का जवाब
जदयू से निष्कासन के बाद अनंत सिंह ने कहा, "जनता मालिक है। जो कार्रवाई हुई, वह ठीक है, मुझे कोई परेशानी नहीं है। पार्टी नीतीश कुमार की थी, वे अब नहीं हैं, तो पार्टी में कौन है? मैं कहता हूं निकाल दें। अब नीतीश कुमार नहीं हैं तो पार्टी खत्म हो गई। इन्हें 10 सीटें मिलने में भी दिक्कत होगी। मैं अपनी पार्टी बनाऊंगा। मैं टिकट मांगने नहीं गया था, पार्टी ने मुझे बुलाकर टिकट दिया था। जदयू का भविष्य खत्म है। मेरी नीतीश कुमार से कोई दूरी नहीं है, वे बीमार रहते हैं।"


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।