
बड़गांव में झोलाछापों का जाल, स्वास्थ्य विभाग नदारद
नोटिस दिया है कार्रवाई करेंगे ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी रानीवाड़ा
बड़गांव / सुरेश राजपुरोहित।बड़गांव क्षेत्र में कथित झोलाछाप डॉक्टरों का जाल लगातार फैलता नजर आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि सरकारी अस्पताल से महज कुछ ही दूरी पर कई जगहों पर कथित नीमहकीमों द्वारा क्लिनिक संचालित किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। गली-गली में खुल रहे इन क्लिनिकों को लेकर आमजन के स्वास्थ्य और चिकित्सा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
आखिर इन कथित क्लिनिकों का संचालन किसकी अनुमति से हो रहा है? क्या यहां मरीजों का उपचार करने वाले व्यक्तियों के पास वैध चिकित्सकीय डिग्री और पंजीकरण है? यदि नहीं, तो स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई अब तक कहां तक पहुंची है?
सरकारी अस्पताल के नजदीक ही ऐसी गतिविधियों की शिकायतें सामने आना स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में भोले-भाले लोग बीमारी के उपचार के लिए इन कथित चिकित्सकों के पास पहुंच जाते हैं। ऐसे में बिना योग्य चिकित्सा विशेषज्ञता के उपचार किए जाने की आशंका मरीजों के लिए जोखिम पैदा कर सकती है।
अब जरूरत है कि स्वास्थ्य विभाग बड़गांव क्षेत्र में संचालित निजी क्लिनिकों की जांच करे, चिकित्सकों की डिग्री और पंजीकरण का सत्यापन करे तथा नियमों के विरुद्ध संचालन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करे।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।