Maheka Sansar
मंगलवार, 10 नवंबर 2026
विज्ञापन
Maheka Sansar — यहाँ विज्ञापन दें
Maheka Sansar — यहाँ विज्ञापन दें

केसर की मनुहार के साथ बड़गांव ठिकाने में मना दीपावली स्नेह मिलन, छत्तीस कौम को दिया भाईचारे का संदेश

बड़गांव। दीपावली के पावन पर्व पर ठिकाना बड़गांव में आपसी प्रेम, सामाजिक सौहार्द और राजपूती परंपराओं की अनूठी मिसाल देखने को मिली। सोमवार को ठिकाना बड़गांव में पारंपरिक दीपावली स्नेह मिलन समारोह…

केसर की मनुहार के साथ बड़गांव ठिकाने में मना दीपावली स्नेह मिलन, छत्तीस कौम को दिया भाईचारे का संदेश
केसर की मनुहार के साथ बड़गांव ठिकाने में मना दीपावली स्नेह मिलन, छत्तीस कौम को दिया भाईचारे का संदेश

बड़गांव। दीपावली के पावन पर्व पर ठिकाना बड़गांव में आपसी प्रेम, सामाजिक सौहार्द और राजपूती परंपराओं की अनूठी मिसाल देखने को मिली। सोमवार को ठिकाना बड़गांव में पारंपरिक दीपावली स्नेह मिलन समारोह (रामा-सामा) हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ। इस अवसर पर ठाकुर रावत राज मानवेंद्र देव देवड़ा एवं ठाकुर इक्ष्वाकु देव देवड़ा ने छत्तीस कौम के लोगों के साथ आत्मीयता से दीपावली की खुशियां साझा करते हुए भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

समारोह का विशेष आकर्षण ठाकुर रावत राज मानवेंद्र देव देवड़ा द्वारा अपने हाथों से छत्तीस कौम के लोगों को केसर की मनुहार कर पारंपरिक स्वागत करना रहा। उन्होंने उपस्थित लोगों का मुंह मीठा करवाया तथा चाय-पानी से आत्मीय सत्कार करते हुए सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। दोनों भाइयों का सर्वसमाज के प्रति स्नेह, सम्मान और अपनत्व समारोह में विशेष रूप से देखने को मिला।

स्नेह मिलन समारोह में साधु-संतों, गणमान्य नागरिकों सहित हजारों की संख्या में लोगों ने शिरकत की। इस दौरान सभी समाजों के लोग एक परिवार की तरह शामिल हुए और पारंपरिक रामा-सामा की रस्म निभाई।

कार्यक्रम में हनीफ खां एंड पार्टी ने एक से बढ़कर एक शानदार राजपूती गीतों की प्रस्तुतियां देकर समारोह में चार चांद लगा दिए। गीत-संगीत की मधुर प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण उत्साह और उमंग से सराबोर हो उठा।

बड़गांव ठिकाने में प्रतिवर्ष इसी परंपरा के साथ दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया जाता है, जिसमें छत्तीस कौम के लोग एक परिवार की तरह शामिल होकर आपसी प्रेम, सम्मान और भाईचारे की परंपरा को आगे बढ़ाते हैं।

इस आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि सच्ची परंपरा वही है, जो समाज को जोड़ने, आपसी सम्मान बढ़ाने और भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करे। केसर की मनुहार और दोनों भाइयों के आत्मीय व्यवहार के बीच संपन्न हुआ यह समारोह सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और आपसी सद्भाव की यादगार मिसाल बन गया।

यह खबर शेयर करें
सुरेश राजपुरोहित
सुरेश राजपुरोहित · संवाददाता

कलम की ताकत सब पर भारी साहस सच दिखाने का करीबन तीन वर्ष से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हु

सुरेश राजपुरोहित की और खबरें →

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।