दीपावली पर नगर निगम अधिकारियों एवं सफाई कर्मचारियों का साफा, माला, शॉल और मिठाई भेंट कर किया आत्मीय अभिनंदन
जोधपुर। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और समाज के हर वर्ग के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए वार्ड संख्या 67 के पार्षद **दिनेश मेवाड़ा** ने एक सराहनीय पहल करते हुए नगर निगम अधिकारियों एवं वार्ड के सफाई वीरों का सम्मान समारोह आयोजित किया।
इस अवसर पर पार्षद दिनेश मेवाड़ा की ओर से सफाई कर्मचारियों एवं नगर निगम अधिकारियों का साफा पहनाकर, माला एवं शॉल ओढ़ाकर तथा मिठाई भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया गया। इस पहल के माध्यम से उन्होंने उन कर्मवीरों के प्रति आभार व्यक्त किया, जो दिन-रात मेहनत कर शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
कार्यक्रम में पार्षद दिनेश मेवाड़ा ने कहा कि हमारे घर, गली, मोहल्ले और पूरे शहर को स्वच्छ रखने में नगर निगम अधिकारियों, सफाई कर्मचारियों एवं उनकी पूरी टीम की अहम भूमिका है। इनके अथक परिश्रम, समर्पण और सेवाभाव के कारण ही हमारा वार्ड स्वच्छ एवं सुंदर बना रहता है। उन्होंने वार्डवासियों से अपील की कि सफाई कर्मचारियों के साथ हमेशा सम्मानपूर्वक व्यवहार करें, उनके कार्यों की सराहना करें और स्वच्छता अभियान में उनका सहयोग करें।
**पार्षद दिनेश मेवाड़ा की यह पहल केवल सम्मान समारोह तक सीमित नहीं रही, बल्कि समाज में सफाई कर्मियों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच का संदेश भी दे गई। जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने यह साबित किया कि शहर के विकास में योगदान देने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान करना भी जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
सम्मान समारोह में नगर निगम शहर जोन-8 के सीएसआई दीपक गूंद, वार्ड प्रभारी सोमदत्त ढंझा, शांतिपूरा व्यापारी सेवा संस्था के उपाध्यक्ष राजकुमार भाटी, सचिव सुनील अरोड़ा, कोषाध्यक्ष मुकेश जालानी, संस्था संरक्षक कुंदन शर्मा सहित संस्था के अन्य सदस्य, नगर निगम अधिकारीगण, वार्ड कर्मचारी एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।