जोधपुर। दीपावली के पावन पर्व पर सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं की एक अनुकरणीय मिसाल देखने को मिली। स्व. श्री भंवर लाल जी जांगिड़ की पावन स्मृति में उनके परिवारजनों एवं स्नेहीजनों ने हाउसिंग बोर्ड कच्ची बस्ती के गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों के साथ दीपावली का त्योहार खुशियों और आत्मीयता के साथ मनाया।
इस अवसर पर बस्ती के बच्चों को दीपावली की खुशियों में शामिल करते हुए नए कपड़े एवं सुंदर पोशाकें भेंट की गईं। नए कपड़े पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उनके बीच उत्साह का माहौल बन गया।
मिठाई और उपहार बांटकर साझा की त्योहार की खुशियां
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया गया। जांगिड़ परिवार के सदस्यों एवं स्नेहीजनों ने बच्चों के साथ समय बिताया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बच्चों के चेहरों पर दिखाई देने वाली निश्छल मुस्कान आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।
इस अवसर पर परिवारजनों ने स्व. श्री भंवर लाल जी जांगिड़ को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन हमेशा जरूरतमंदों की मदद करने, समाजसेवा और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने के लिए समर्पित रहा। वे आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके संस्कार और सेवा की प्रेरणा सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाना और उनके साथ त्योहार की खुशियां बांटना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस पुनीत सेवा कार्य में स्थानीय प्रबुद्धजनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में विनीत जांगिड़, भुवनेश जांगिड़, नितिन जांगिड़, नौशाद अंसारी, आमिर अंसारी, हैदर खान, रजाक मॉयल एवं इमरान अंसारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।