बेगूसराय जिले के प्रसिद्ध तीर्थ सिमरिया धाम में रविवार को राजकीय कल्पवास मेला-2026 की औपचारिक शुरुआत हो गई। जिलाधिकारी रिची पांडेय और पुलिस अधीक्षक मनीष ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर मेले का उद्घाटन किया। यह मेला बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन मिलकर आयोजित कर रहे हैं।
मेला 18 अक्तूबर से 24 नवंबर तक चलेगा। प्रशासन ने कल्पवासियों और श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, रोशनी, साफ-सफाई, स्वास्थ्य शिविर, घाटों पर बैरिकेडिंग और नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की है। डीएम ने अधिकारियों को पूरी अवधि में इंतजामों पर नियमित नजर रखने और शिकायतों का तुरंत निपटारा करने को कहा है।
मेले के दौरान दीपावली, परिक्रमाओं, छठ महापर्व और कार्तिक पूर्णिमा पर भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इसे देखते हुए मेला क्षेत्र, प्रमुख स्नान घाटों और संपर्क मार्गों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात किए गए हैं। छठ के नहाय-खाय, खरना और दोनों अर्घ्य के दिन घाटों की खास निगरानी होगी तथा नदी में गश्त भी की जाएगी।
उद्घाटन समारोह की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से हुई, जिसके बाद सांस्कृतिक संध्या में भक्ति प्रस्तुतियां दी गईं। डीएम ने सिमरिया धाम को देश की महत्वपूर्ण धार्मिक-सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए कहा कि यहां आने वाले साधु-संतों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देना प्रशासन की प्राथमिकता है। देश के अलग-अलग हिस्सों से कल्पवासियों का आना शुरू हो गया है।
स्रोत: अमर उजाला


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।