पिछले चरण में बिसलेरी इंटरनेशनल पर एक्शन
FSSAI की जांच में बिसलेरी इंटरनेशनल के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के नमूने में तय सीमा से अधिक ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स पाए जाने के कारण इसे असुरक्षित घोषित किया गया है। इस मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कंपनी के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी भी दी गई है।
गौरतलब है कि बिसलरी भारत का एक प्रमुख बोतलबंद पानी ब्रांड है, जिसकी शुरुआत 1965 में हुई और बाद में पार्ले ने इसे अपनाया। यह पानी 250 मिलीलीटर कप/बोतल से लेकर 20 लीटर जार/केन तक कई आकारों में उपलब्ध है.
कितना सुरक्षित है बोतलबंद पानी?
बोतलबंद पानी (Bottled Water) को आमतौर पर नल के पानी से ज्यादा सुरक्षित माना जाता है, लेकिन यह पूरी तरह से 100% सुरक्षित और जोखिम-मुक्त नहीं है। उसकी सुरक्षा कई बातों पर निर्भर करती है—जैसे पानी किस स्रोत से लिया गया है, उसे कैसे प्रोसेस किया गया है, और बोतल को किस तापमान पर रखा गया है।
बोतलबंद पानी खरीदते और पीते समय क्या सावधानी बरतें?
ISI मार्क और FSSAI लाइसेंस देखें: भारत में बोतलबंद पानी खरीदते समय बोतल पर BIS (ISI) मार्क और FSSAI लाइसेंस नंबर जरूर जांचें। केवल जानी-मानी और प्रमाणित कंपनियों का ही पानी लें।
सील की जांच करें: ढक्कन की सील टूटी हुई न हो। आजकल कई जगहों पर खाली बोतलों में नल का पानी भरकर दोबारा बेचने के मामले सामने आते हैं।
धूप में रखी बोतल न खरीदें: यदि किसी दुकान के बाहर बोतलें सीधी धूप में रखी हैं, तो उन्हें खरीदने से बचें।
बोतल को दोबारा इस्तेमाल न करें: सिंगल-यूज प्लास्टिक की बोतल (जिसके नीचे त्रिकोण में 1 या PET लिखा होता है) को बार-बार पानी भरकर इस्तेमाल न करें, क्योंकि पुरानी होने पर इससे अधिक माइक्रोप्लास्टिक्स निकलते हैं।
बेहतर विकल्प अपनाएं: रोजमर्रा के इस्तेमाल और सफर के लिए प्लास्टिक की बोतल खरीदने के बजाय घर से स्टेनलेस स्टील, तांबे या कांच की बोतल में फिल्टर पानी लेकर चलना सबसे सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल है।
'एनर्जी ड्रिंक' लेबल को लेकर भी तकरार
पेय पदार्थों से जुड़े एक अन्य प्रकरण में भी FSSAI का कंपनियों के साथ मतभेद सामने आया है, जो 'एनर्जी ड्रिंक' लेबल के प्रयोग को लेकर है। बीते जून में नियामक ने कुछ पेय उत्पादों पर इस लेबल के उपयोग पर सवाल उठाए थे। FSSAI के मुताबिक, कुछ उत्पादों में एडेड शुगर की मात्रा अत्यधिक होती है, और उन्हें एनर्जी ड्रिंक के रूप में पेश करने से उपभोक्ता गुमराह हो सकते हैं तथा उनका अधिक सेवन कर सकते हैं。
क्या है एनर्जी ड्रिंक पर विवाद?
FSSAI के इस फैसले के खिलाफ रेड बुल, पेप्सिको, मॉन्स्टर बेवरेज और रिलायंस कंज्यूमर ने दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है। इन कंपनियों की दलील है कि बिना पूर्व सूचना दिए यह प्रतिबंध लागू किया गया। उच्च न्यायालय ने रेड बुल को फिलहाल अंतरिम राहत देते हुए 'एनर्जी ड्रिंक' लेबल का इस्तेमाल जारी रखने की छूट दी है, जबकि शेष कंपनियों से कहा गया है कि वे मौजूदा स्टॉक समाप्त होने के बाद इस श्रेणी के लेबल का उपयोग बंद करें।
स्रोत: hindi.webdunia.com


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।