Maheka Sansar
शुक्रवार, 20 नवंबर 2026
विज्ञापन
Maheka Sansar — यहाँ विज्ञापन दें
Maheka Sansar — यहाँ विज्ञापन दें

ओसियां विधानसभा में कांग्रेस का परचम, भाजपा के परिवारवाद की रणनीति ध्वस्त

पांचों पंचायत समितियों में कांग्रेस को बहुमत, पूर्व मंत्री की पत्नी और पुत्रवधू चुनाव हारीं, विधायक पुत्र ने दर्ज की जीतदिव्या मदेरणा बोलीं- मुझे गालियां दीं, जनता ने चुनाव परिणाम से दिया जवाबअमेश…

ओसियां विधानसभा में कांग्रेस का परचम, भाजपा के परिवारवाद की रणनीति ध्वस्त
ओसियां विधानसभा में कांग्रेस का परचम, भाजपा के परिवारवाद की रणनीति ध्वस्त

पांचों पंचायत समितियों में कांग्रेस को बहुमत, पूर्व मंत्री की पत्नी और पुत्रवधू चुनाव हारीं, विधायक पुत्र ने दर्ज की जीत

दिव्या मदेरणा बोलीं- मुझे गालियां दीं, जनता ने चुनाव परिणाम से दिया जवाब

अमेश बैरड़

विज्ञापन

ओसियां । पंचायतीराज चुनाव-2026 के परिणामों में ओसियां विधानसभा क्षेत्र की पांचों पंचायत समितियों में कांग्रेस ने अपना दबदबा कायम करते हुए बहुमत हासिल किया है। चुनाव परिणामों ने भाजपा के कई राजनीतिक समीकरणों को भी प्रभावित किया है। खास बात यह रही कि भाजपा के दो प्रमुख नेताओं की ओर से परिवार के सदस्यों को चुनाव मैदान में उतारकर राजनीतिक प्रभाव बनाए रखने की रणनीति को झटका लगा। पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री की पत्नी और पुत्रवधू चुनाव हार गईं, जबकि ओसियां विधायक भैराराम सियोल के पुत्र आकाशदीप चौधरी चुनाव जीतने में सफल रहे। हालांकि, उनकी जीत के बावजूद तिवरी पंचायत समिति में भाजपा बहुमत हासिल नहीं कर सकी।

ओसियां पंचायत समिति में कांग्रेस ने 13 सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा को महज एक सीट मिली, जबकि एक सीट आरएलपी के खाते में गई। इस तरह पंचायत समिति में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया।

तिवरी : विधायक पुत्र जीते, लेकिन भाजपा को नहीं मिला बहुमत

ओसियां विधायक भैराराम सियोल के पुत्र आकाशदीप चौधरी तिवरी पंचायत समिति के वार्ड संख्या 12 से चुनाव मैदान में थे। यह वार्ड अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित था। वहीं पंचायत समिति का प्रधान पद भी ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित होने के कारण आकाशदीप की उम्मीदवारी को प्रधान पद के संभावित दावेदार के रूप में देखा जा रहा था।

आकाशदीप चौधरी ने चुनाव में जीत दर्ज की, लेकिन पंचायत समिति में भाजपा बहुमत हासिल नहीं कर सकी। ऐसे में विधायक पुत्र को चुनाव मैदान में उतारकर प्रधान पद तक पहुंचने के राजनीतिक समीकरण फिलहाल पूरे नहीं हो पाए।

ओसियां : पूर्व प्रधान की पत्नी और पुत्रवधू दोनों हारीं

ओसियां पंचायत समिति में पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री शंभू सिंह खेतासर ने भी परिवार के सदस्यों को चुनाव मैदान में उतारा था। प्रधान पद अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित होने के चलते उनकी पत्नी बदन कंवर और पुत्रवधू किरण कंवर की उम्मीदवारी को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा था। बदन कंवर ने वार्ड संख्या 6 (ओसियां) से, जबकि किरण कंवर ने वार्ड संख्या 15 (तापू-खिंदाकौर क्षेत्र) से चुनाव लड़ा। दोनों वार्ड सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित थे। हालांकि, चुनाव परिणाम में दोनों को हार का सामना करना पड़ा। खेतासर के पैतृक गांव का वार्ड संख्या 2 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने के कारण परिवार के सदस्यों को दूसरे वार्डों से चुनाव लड़ना पड़ा। गौरतलब है कि बदन कंवर पूर्व में ओसियां पंचायत समिति की प्रधान रह चुकी हैं। इससे पहले अभी हाल ही में उन्होंने खेतासर सरपंच का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन वहां भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। शंभू सिंह खेतासर ओसियां विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं। इसके अलावा वे सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर भी दो बार चुनाव लड़ चुके हैं।

उप प्रधान के पुत्र सरपंच में पुत्र वधू सदस्य में चुनाव हारे 

ओसियां के बीते कार्यकाल के उप प्रधान देवीलाल चौधरी के पुत्र ताराचंद जाटीपूरा मुकाम सिमरथनगर से सरपंच के चुनाव हारे। वहीं पुत्र वधू सुमन पत्नी नरेंद्रपाल सिंह भी कांग्रेस की सरिता पत्नी प्रदीप कुमार  से चुनाव हार गई। 

महेंद्रसिंह भाटी के पुत्र हारे, पत्नी जीती 

भाजपा के कद्दावर नेता महेंद्रसिंह भाटी उम्मेदनगर के पत्नी और पुत्र चुनाव लड़ रहे थे। पत्नी प्रमोद कंवर उम्मेदनगर पंचायत समिति में सदस्य चुनाव जीत गई, लेकिन यहाँ भाजपा को बहुमत नहीं मिला। वहीं पुत्र भरत कुमार सिंह जिला परिषद सदस्य चुनाव हार गए। 

दिव्या मदेरणा बोलीं- मुझे गालियां दीं, जनता ने चुनाव परिणाम से जवाब दिया

चुनाव परिणाम सामने आने के बाद ओसियां की पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता दिव्या मदेरणा ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान उन पर भद्दी टिप्पणियां की गईं और अपशब्द बोले गए, जिसका जवाब जनता ने चुनाव परिणामों के माध्यम से दिया है।दिव्या मदेरणा ने कहा कि उन्होंने पहले ही कहा था कि टिकट तराजू में तोलकर दूंगी। वर्तमान विधायक ने उनकी इस बात का मजाक उड़ाया था, लेकिन जनता ने अपने जनादेश से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जनता की सहमति से टिकट दिए और पार्टी को विभिन्न क्षेत्रों में जीत मिली।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायतों और पंचायत समितियों का परिसीमन गलत तरीके से किया गया। कांग्रेस के मतदाताओं को इधर-उधर करने का प्रयास हुआ, लेकिन इसका चुनाव परिणामों पर अपेक्षित असर नहीं पड़ा।

जनता का जनादेश सर्वोपरी- विधायक सियोल

वही ओसियाँ विधायक भैराराम सियोल ने कहा कि जनता जनादेश का निर्णय सर्वोपरी है जनादेश की समीक्षा कर जनहित में ओर बेहतरीन निर्णय लेकर काम करवाएं जाएंगे 

पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय हमने ओसियां क्षेत्र में सभी जगह भाजपा के प्रधान बनाए थे जनमत हमें सजग करता है विपक्ष को ज्यादा उत्साहित और सत्ता पक्ष को ज्यादा निराश होने की जरूरत नहीं है  खामियों को दुरुस्त कर जनमानस का विश्वास अर्जित करते हुए पुनः वापसी कर देश और प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत सरकार बनाएंगे

यह खबर शेयर करें
स
संपादकीय टीम · Maheka Sansar

Maheka Sansar की संपादकीय टीम।

संपादकीय टीम की और खबरें →

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।