उदयपुर में मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 158.200 लीटर नकली घी सीज
विश्वा और गौ-मैत्री ब्रांड के घी के नमूने लिए, सरस डेयरी के दूध, दही व छाछ के भी 6 सैंपल जांच के लिए भेजे
उदयपुर। मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार देर शाम उदयपुर में दोहरी कार्रवाई करते हुए 158.200 लीटर संदिग्ध घी सीज किया। वहीं, उदयपुर सरस डेयरी के दूध, दही और छाछ के कुल 6 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि बाजार में सामान्य दर से काफी कम कीमत यानी 400 रुपये प्रति लीटर में बिक रहे विश्वा ब्रांड घी में मिलावट की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ग्राहक बनकर कृषि मंडी स्थित हरे कृष्णा मार्केटिंग पर पहुंचकर पूछताछ की। इसके बाद गोदाम की जांच कर बिल प्राप्त किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी भूमिका राणावत ने मौके पर घी का नमूना लिया।
158 लीटर घी किया सीज
बिल के आधार पर सप्लाई की कड़ी का पता लगाते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणजीत सिंह चौहान की टीम पहले मनवाखेड़ा स्थित जीएम ट्रेडिंग और फिर सुमन ट्रेडिंग कंपनी पहुंची। यहां कार्रवाई के दौरान घी के तीन नमूने लिए गए। टीम ने मौके से 114 लीटर विश्वा ब्रांड घी और 44.200 लीटर गौ-मैत्री ब्रांड घी सहित कुल 158.200 लीटर घी सीज किया।
सरस डेयरी के दूध, दही और छाछ के 6 सैंपल लिए
विभाग की दूसरी टीम ने गोवर्धन विलास स्थित सबरी पार्लर, कृषि मंडी सवीना स्थित किसान सरस पार्लर, शास्त्री सर्कल और हिरण मगरी क्षेत्र के विभिन्न पार्लरों पर जांच की। खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह चौहान, मोनिका अहारी और अशोक कुमार गुप्ता के दल ने पाश्चुरीकृत टोंड, डबल टोंड, फुल क्रीम एवं स्टैंडर्डाइज्ड दूध के साथ दही और छाछ के कुल 6 नमूने लिए।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।