गुमानपुरा में मोटरसाइकिल पर नीले ड्रम में भरकर ले जाया जा रहा था पनीर, एक नमूना लेकर शेष पनीर करवाया नष्ट
एक दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, पनीर सहित मिठाई और नमकीन के पांच नमूने लिए
कोटा। शादियों के सीजन में खाद्य पदार्थों की बढ़ती खपत को देखते हुए मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार, 19 नवंबर को खाद्य सुरक्षा दल कोटा ने गुमानपुरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल पर नीले ड्रम में भरकर बिक्री के लिए ले जाए जा रहे करीब 100 किलोग्राम संदिग्ध पनीर को पकड़ा। प्रथम दृष्टया पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत होने पर मौके से एक नमूना लिया गया तथा शेष पनीर को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। पूछताछ के दौरान पनीर के मालिक ने भी उसमें फैट की मात्रा कम होने की बात स्वीकार की।
यह कार्रवाई 'शुद्ध आहार-मिलावट पर वार' अभियान के तहत प्रिंसिपल हेल्थ सेक्रेट्री गायत्री राठौर के संरक्षण में, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देशन तथा अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह, जिला कलेक्टर कोटा पीयूष सामरिया और सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र नागर के सुपरविजन में की गई।
मिठाई और नमकीन के नमूने लिए
खाद्य सुरक्षा दल ने गुमानपुरा क्षेत्र स्थित नारायण स्वीट्स सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान बीकाजी ब्रांड के राजभोग, नमकीन, सोनपापड़ी और गुलाब जामुन सहित कुल पांच खाद्य नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला कोटा भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिष्ठानों में मिली स्वच्छता संबंधी खामियां
अभियान के दौरान एक दर्जन से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया। कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता की स्थिति बेहद खराब पाई गई। कई जगह खाद्य कारोबार का लाइसेंस प्रमुखता से प्रदर्शित नहीं था तथा खाद्य सामग्री संभालने वाले कर्मचारियों ने हेयर कैप नहीं पहन रखी थी। इसके अलावा मौके पर मेडिकल सर्टिफिकेट और पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट भी उपलब्ध नहीं करवाए गए।
खाद्य सुरक्षा दल ने सभी संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को शादी-विवाह के सीजन को देखते हुए साफ-सफाई, स्वच्छता और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता में सुधार करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSS Act) के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बाहर से आने वाले मावा-पनीर पर विशेष निगरानी
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा त्योहारी एवं शादी-विवाह के सीजन में खाद्य पदार्थों की बढ़ती खपत को देखते हुए बाहर से आने वाले मावा और पनीर पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही अन्य राज्यों से बसों एवं ट्रेनों के माध्यम से आने वाली खाद्य सामग्री की भी जांच की जा रही है। दूध, मावा, मिठाई, तेल, मसाले और अन्य खाद्य पदार्थों की नियमित जांच एवं सैंपलिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप अग्रवाल, अरुण सक्सेना, मोजीलाल कुंभकार, दीपक यादव, खुशी सिंह, दिव्या संत एवं रोहित गुप्ता सहित खाद्य सुरक्षा दल के सदस्य शामिल रहे।
विभाग के अनुसार जिले में मिलावट के खिलाफ जांच, सैंपलिंग एवं कार्रवाई का अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाई जा सके।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।