Maheka Sansar
मंगलवार, 17 नवंबर 2026
विज्ञापन
Maheka Sansar — यहाँ विज्ञापन दें
Maheka Sansar — यहाँ विज्ञापन दें

परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह भाटी के 64 वें बलिदान दिवस पर पावटा परमवीर सर्किल पर होगा श्रद्धांजलि समारोह

चौपासनी विद्यालय के पूर्व विद्यार्थी इस महान सपूत को किया जाएगा नमनआम नागरिक व युवाओं से अपील परमवीर के बलिदान दिवस पर आकर दे उन्हे श्रद्धांजलि जोधपुर । भारत की सीमाओं की रक्षा करते हुए 1962 के भारत…

परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह भाटी के 64 वें बलिदान दिवस पर  पावटा परमवीर सर्किल पर होगा श्रद्धांजलि समारोह
परमवीर चक्र विजेता मेजर शैतान सिंह भाटी के 64 वें बलिदान दिवस पर पावटा परमवीर सर्किल पर होगा श्रद्धांजलि समारोह

चौपासनी विद्यालय के पूर्व विद्यार्थी  इस महान सपूत को किया  जाएगा नमन

आम नागरिक व  युवाओं से अपील  परमवीर के बलिदान दिवस पर आकर दे उन्हे  श्रद्धांजलि

   जोधपुर  । भारत की सीमाओं की रक्षा करते हुए 1962 के भारत -चीन युद्ध में सर्वोच्च वीरता का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्र के लिए बलिदान  देने वाले व मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित मारवाड़ व जोधपुर जिले  के वीर सपूत मेजर शैतान सिंह भाटी के 64 वें  बलिदान दिवस पर बुधवार  18 नवम्बर 2026 को प्रातः 9  बजे पावटा चौराहे स्थित परमवीर सर्किल प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा ।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल जयदेव सिंह राठौड़ ने बताया की इस श्रद्धांजलि समारोह में भारतीय सेना के अधिकारीगण, पूर्व सैनिक, वीर नारियां , शहीद परिवार, युवा ,चौपासनी शिक्षण संस्थान के प्रतिनिधि, विद्यार्थी, विभिन्न सामाजिक एवं सैनिक संगठन तथा शहर के गणमान्य नागरिक सम्मिलित होकर मेजर शैतान सिंह एवं रेजांग ला के अमर वीरों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।

शहर के आम नागरिक, युवाओ व चौपासनी के पूर्व विद्यार्थियों से किया अनुरोध

    जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने इस अवसर पर   शहर के आम नागरिकों ,युवाओं एवं चौपासनी विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों से अनुरोध किया कि इस अवसर पर कार्यक्रम में शरीक होकर देश के महान वीर सपूत को  श्रद्धांजलि दें । उन्होंने अनुरोध किया कि  परमवीर मेजर शैतान सिंह की स्कूली शिक्षा चौपासनी विद्यालय में हुई ।उन्होंने चौपासनी विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों से  अनुरोध किया कि इस अवसर पर आकर अपने महान वीर सपूत पूर्व  चौपासनी विद्यार्थी  को श्रद्धांजलि दे व उनकी वीरगाथा से प्रेरणा ले ।जोधपुर के लिए यह विशेष गौरव का विषय है कि चौपासनी विद्यालय का एक विद्यार्थी आगे चलकर भारतीय सेना के सर्वोच्च वीरता सम्मान परमवीर चक्र से अलंकृत हुआ। उनका जीवन वर्तमान विद्यार्थियों के लिए अनुशासन, साहस, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की प्रेरणादायक मिसाल है।


परमवीर मेजर शैतान सिंह की शौर्य गाथा

   18 नवम्बर 1962 को लद्दाख के दुर्गम रेजांग ला क्षेत्र में भारत-चीन युद्ध के दौरान मेजर शैतान सिंह ने 13 कुमाऊं रेजिमेंट की सी-कंपनी का नेतृत्व करते हुए असाधारण वीरता का परिचय दिया था। अत्यंत विषम परिस्थितियों में अपने सैनिकों के साथ अंतिम सांस तक मोर्चे पर डटे रहकर उन्होंने मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी अद्वितीय वीरता के लिए उन्हें मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया।

बानासर की जन्मभूमि, चौपासनी विद्यालय की शिक्षा और जोधपुर की सैन्य परंपरा

   मेजर शैतान सिंह का जीवन जोधपुर की ऐतिहासिक, शैक्षणिक एवं सैन्य विरासत का गौरवशाली संगम है। उनका जन्म 1 दिसम्बर 1924 को जोधपुर रियासत के बानासर गांव  (अब शैतान सिंह नगर )में हुआ था। उनके पिता लेफ्टिनेंट कर्नल ठाकुर हेम सिंह भाटी स्वयं एक प्रतिष्ठित सैन्य अधिकारी थे तथा उनकी माता जवाहर कंवर ने उन्हें अनुशासन, संस्कार और कर्तव्यनिष्ठा से परिपूर्ण पारिवारिक वातावरण प्रदान किया। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा जोधपुर के प्रतिष्ठित चौपासनी विद्यालय, जो उस समय राजपूत हाई स्कूल के नाम से जाना जाता था, से प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने जसवंत कॉलेज, जोधपुर से उच्च शिक्षा पूर्ण की।
    उनकी सैन्य यात्रा भी जोधपुर की गौरवशाली सैन्य परंपरा से जुड़ी रही। वर्ष 1949 में जोधपुर स्टेट फोर्सेज में अधिकारी के रूप में सैन्य सेवा प्रारंभ करने के बाद उनकी प्रारंभिक सैन्य सेवाओं में उम्मेद कोटा इन्फैंट्री तथा 20 राजपूत (जोधपुर सरदार इन्फैंट्री) से उनका जुड़ाव रहा। बाद में वे भारतीय सेना की कुमाऊं रेजिमेंट में पहुंचे और 13 कुमाऊं की सी-कंपनी के कमांडर के रूप में रेजांग ला में इतिहास रचा।

रेजांगला के अमर वीरों को श्रद्धांजलि

  18 नवम्बर 1962 को रेजांग ला में 13 कुमाऊं की सी-कंपनी के लगभग 120 सैनिकों ने अत्यंत कठिन परिस्थितियों में चीनी सेना के हमलों का सामना किया। इस युद्ध में 114 भारतीय सैनिक वीरगति को प्राप्त हुए। मेजर शैतान सिंह ने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद अपने सैनिकों का नेतृत्व जारी रखा और अंततः मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति प्राप्त की।
रेजांग ला की यह वीरगाथा भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च समर्पण का अनुपम उदाहरण है।

यह खबर शेयर करें
स
संपादकीय टीम · Maheka Sansar

Maheka Sansar की संपादकीय टीम।

संपादकीय टीम की और खबरें →

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।