शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा टीम ने किया निरीक्षण, साफ-सफाई व्यवस्था असंतोषजनक मिलने पर संचालक को थमाया जाएगा सुधार नोटिस
अजमेर । प्राप्त शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को बडलिया चौराहा स्थित रीजनल इंजीनियरिंग कॉलेज, अजमेर की मैस का निरीक्षण किया। यह मैस वर्तमान में आर्यन कैटर्स के संचालक सोहनलाल द्वारा संचालित की जा रही है।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान, जयपुर तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, अजमेर के निर्देशों की पालना में की गई इस कार्रवाई के दौरान मैस की साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। निरीक्षण में मौके पर कार्यरत फूड हैंडलर्स के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं मिले। इसके अलावा मैस में उपयोग किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट भी प्रस्तुत नहीं की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके से लाल मिर्च पाउडर, कॉन्टिनेंटल सॉस एवं मिक्स अचार के कुल तीन नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजने की कार्रवाई की। नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा नियम एवं विनियम, 2011 के तहत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के मद्देनजर खाद्य कारोबारकर्ता को अधिनियम की धारा 32 के अंतर्गत इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया जाएगा।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद कुमार, दीपक कुमार, अजय मोयल, केसरी नंदन शर्मा एवं राजेंद्र शर्मा शामिल रहे।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।