जोधपुर। शहर में फिटनेस और रनिंग कल्चर को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एसके जोधपुर मैराथन के पांचवें संस्करण का आगाज हो गया है। आगामी 13 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली मैराथन के प्रचार-प्रसार और लोगों में जागरूकता लाने के लिए रविवार को तीव्र रन क्लब (Teevr Run Club) की ओर से 5 किलोमीटर की प्रमोशनल रन आयोजित की गई। इसमें शहर के रनर्स ने उत्साह के साथ भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित व्यायाम करने का संदेश दिया।
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इवेंट मैनेजमेंट एंड रिसर्च (आईआईईएमआर) की ओर से एसके फाइनेंस के सहयोग से आयोजित होने वाली यह मैराथन शहर में बढ़ते रनिंग और फिटनेस के प्रति रुझान को एक मंच प्रदान करेगी। आयोजन का उद्देश्य केवल दौड़ प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरवासियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और सक्रिय जीवनशैली के लिए प्रेरित करना भी है।
मैराथन का यह पांचवां संस्करण है। पिछले चार आयोजनों को मिले उत्साहजनक प्रतिसाद के बाद इस वर्ष भी बड़ी संख्या में धावकों, युवाओं और फिटनेस प्रेमियों के शामिल होने की उम्मीद है।
आयोजक मुकेश मिश्रा ने बताया कि मैराथन में विभिन्न रनिंग कैटेगरी रखी गई हैं, ताकि हर उम्र और क्षमता के लोग इसमें भाग ले सकें। प्रमोशनल रन के माध्यम से रनिंग क्लबों और स्थानीय धावकों को भी मुख्य आयोजन से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
आयोजन समिति ने शहरवासियों से 13 दिसंबर को आयोजित होने वाली एसके जोधपुर मैराथन में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए फिट, स्वस्थ और सक्रिय जोधपुर के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।