हरियाणा में भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रेस वार्ता कर सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने लगातार तीसरी बार मौका देने के लिए प्रदेश की जनता का आभार जताया और कहा कि सरकार सेवा, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ काम कर रही है।
मुख्यमंत्री के अनुसार बीते दो वर्षों में 46,500 युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची सरकारी नौकरी दी गई है और पिछले 12 वर्षों में यह संख्या लगभग दो लाख तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकसित भारत-2047 के संकल्प में हरियाणा की अग्रणी भूमिका सुनिश्चित करना है।
निवेश के मोर्चे पर सैनी ने बताया कि स्वीडन यात्रा के दौरान करीब 4,000 करोड़ रुपये के निवेश पर सहमति बनी है, जिससे 11 हजार से ज्यादा रोजगार पैदा होने की उम्मीद है। इससे पहले सिंगापुर दौरे में लगभग 5,500 करोड़ रुपये के प्रस्ताव मिले थे, जिनमें स्वास्थ्य, जल प्रबंधन और शिक्षा क्षेत्र शामिल हैं। पंचकूला, करनाल, हिसार, सोनीपत और रोहतक को ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना है। निवेशकों को अप्रैल 2027 में होने वाले हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का न्योता भी दिया गया है।
किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सभी 24 फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद रहा है। दो साल में किसानों के खातों में 7,882 करोड़ रुपये पहुंचाए गए हैं, जबकि बाजरे की भावांतर भरपाई योजना के तहत 1.56 लाख किसानों को 360 करोड़ रुपये दिए गए।
स्रोत: अमर उजाला


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।