लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को दक्षिण गोवा के मडगांव में रैली को संबोधित करते हुए वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर फिर निशाना साधा। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का नाम लेकर कहा कि वे बच नहीं पाएंगे और कांग्रेस देर-सवेर उनसे जवाब मांगेगी।
राहुल गांधी ने कहा कि वोट चुराकर संविधान पर हमला किया गया है और कांग्रेस संविधान की रक्षक के रूप में इसे स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ 45 से ज्यादा मानहानि के मुकदमे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री पर वोट चोरी का आरोप लगाने के बाद भी उनके खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं हुआ।
गोवा की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों और गरीबों की जमीन छीनकर बाहरी लोगों और अरबपतियों को दी जा रही है। उन्होंने राज्य में बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया और कहा कि रोजगार न मिलने से युवा विदेश जाने को मजबूर हैं। उन्होंने मतदाताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत देने की अपील की।
यह रैली कांग्रेस की 27 दिवसीय ‘गोंय राखण यात्रा’ के समापन पर हुई। 22 सितंबर से शुरू हुई यह यात्रा राज्य के सभी 40 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरी। पार्टी के मुताबिक इसका मकसद गोवा की जमीन, पर्यावरण और सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के साथ चुनाव से पहले जमीनी संगठन को मजबूत करना है।
स्रोत: टीवी9 भारतवर्ष


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।