Maheka Sansar
बुधवार, 28 अक्टूबर 2026
विज्ञापन
Maheka Sansar — यहाँ विज्ञापन दें
Maheka Sansar — यहाँ विज्ञापन दें

त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 540 लीटर तेल और 79 किलो घी सीज

पीसांगन में तेल कारोबारियों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, मूंगफली व तिल के तेल सहित घी के नमूने लिए; अनियमितताओं पर होगी नियमानुसार कार्रवाईअजमेर। त्योहारी सीजन में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य…

त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 540 लीटर तेल और 79 किलो घी सीज
त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 540 लीटर तेल और 79 किलो घी सीज

पीसांगन में तेल कारोबारियों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, मूंगफली व तिल के तेल सहित घी के नमूने लिए; अनियमितताओं पर होगी नियमानुसार कार्रवाई

अजमेर। त्योहारी सीजन में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रक आयुक्त अविचल चतुर्वेदी तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना रंगा के निर्देशन में बुधवार को पीसांगन में खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कार्रवाई की गई।

अभियान के तहत पीसांगन स्थित कनक तेल घानी उद्योग में मूंगफली के तेल और तिल के तेल के नमूने लिए गए। साथ ही, मौके पर 405 लीटर मूंगफली का तेल तथा 135 लीटर तिल का तेल मिलाकर कुल 540 लीटर तेल अग्रिम आदेशों तक सीज किया गया।

इसी क्रम में आकाश जनरल स्टोर से किसना ब्रांड तथा कार्तिक पुराण ब्रांड के मूंगफली के तेल के नमूने लिए गए। कार्रवाई के दौरान मौके पर 79 किलोग्राम घी भी सीज किया गया। निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा एवं मानकों से संबंधित अनियमितताएं पाए जाने पर कनक तेल घानी उद्योग को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया जाएगा। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कमियों में सुधार नहीं करने पर खाद्य अनुज्ञापत्र निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

विभाग की ओर से लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता से संबंधित कमियां मिलने पर संबंधित कारोबारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश भी दिए गए। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय मोयल, आनंद चौधरी, अशोक मीणा और आरती वर्मा शामिल रहे।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, यह अभियान जिलेभर में आगे भी जारी रहेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना, खाद्य निर्माण इकाइयों में स्वच्छता के मानकों का पालन करवाना तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना है।

यह खबर शेयर करें
प
पूरण सिंह बैरसियाला · संवाददाता, जैसलमेर

एक्सप्लेनर डेस्क आपके लिए Maheka Sansar न्यूज़रूम से ताज़ा खबरें लेकर आता है।

पूरण सिंह बैरसियाला की और खबरें →

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।