बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने रविवार को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान राज्य की फिल्म नीति, उत्तराखंड में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और फिल्म उद्योग को प्रोत्साहन देने से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई।
अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लंढौर इलाके में अपनी नई फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख शूटिंग स्थलों में अपनी जगह बना चुका है। यहां की प्राकृतिक खूबसूरती, सांस्कृतिक विरासत और अलग-अलग तरह के भौगोलिक लोकेशन फिल्मकारों को लगातार अपनी ओर खींच रहे हैं।
धामी ने बताया कि राज्य में लागू उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम दिखने लगे हैं। फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो व्यवस्था के जरिये शूटिंग की अनुमति समेत कई सुविधाएं दी जा रही हैं। इसके अलावा प्रदेश में फिल्म बनाने को बढ़ावा देने के लिए अनुदान का प्रावधान भी किया गया है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड में ज्यादा से ज्यादा फिल्मों की शूटिंग हो, ताकि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए मौके मिल सकें। उन्होंने कहा कि बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से राज्य की पहचान फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में और मजबूत हो रही है।
स्रोत: अमर उजाला


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।