पौड़ी जिले के श्रीनगर में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार देर रात एक तेल टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक क्लीनिक में जा घुसा। यह घटना एसबीआई शाखा के सामने हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि क्लीनिक के साथ उसके आसपास की दो और दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
टैंकर की चपेट में आकर दुकान के बाहर खड़ी एक स्कूटी पूरी तरह कुचल गई, जबकि पास खड़ी एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त टैंकर खाली था। अगर उसमें तेल भरा होता तो रिसाव और आग लगने का गंभीर खतरा पैदा हो सकता था।
रात का समय होने की वजह से बाजार में लोगों की आवाजाही बहुत कम थी, इसलिए किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यही हादसा दिन में होता, जब सड़क और दुकानों पर भीड़ रहती है, तो भारी जान-माल का नुकसान हो सकता था।
श्रीनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि हादसे में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। गनीमत रही कि रात में सड़क लगभग सुनसान थी।
इस घटना ने बदरीनाथ हाईवे के किनारे बसे बाजारों में दुकानों और वहां खड़े वाहनों की सुरक्षा पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। चारधाम मार्ग होने के कारण इस राजमार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है।
स्रोत: अमर उजाला


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।