कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में स्थित वेनराइट सैन्य अड्डे पर एक घटना के बाद भीषण आग लग गई। कनाडा के रक्षा मंत्री डेविड मैकगिन्टी ने बताया कि इस हादसे में कई लोगों की जान गई है और कई घायल हुए हैं। हालांकि मृतकों और घायलों की सटीक संख्या तथा आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं की गई है।
रक्षा मंत्री के अनुसार, रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (आरसीएमपी) मामले की जांच कर रही है। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि तेज हवाओं के चलते आग सैन्य अड्डे की सीमा पार कर बाहर तक फैल गई। आसपास के कई इलाकों से दमकल दल बुलाए गए, हालांकि लोगों को घर खाली करने का आदेश नहीं दिया गया।
प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि केंद्र सरकार प्रांतीय व स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रही है। अल्बर्टा की मुख्यमंत्री डेनियल स्मिथ ने घटना को दुखद बताया। विपक्षी नेता पियरे पोइलिव्रे ने लोगों से आपात निर्देशों का पालन करने की अपील की।
वेनराइट बेस एडमंटन से लगभग 180 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में है और देश के सबसे व्यस्त सैन्य प्रशिक्षण केंद्रों में गिना जाता है। यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब अल्बर्टा में कनाडा से अलग होने के प्रस्ताव पर जल्द मतदान होना है, हालांकि दोनों के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।
स्रोत: टीवी9 भारतवर्ष


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।