छोटे सी बात से बढ़ सकता था तनाव, पुलिस कमिश्नर शरत कविराज पहुंचे मौके पर, स्थिति नियंत्रण में
जोधपुर। महिलाओं के साथ अभद्रता के बाद विवाद हो गया। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर पथराव भी किया। हंगामा करने वाले युवकों पर गाड़ियों में तोड़फोड़ का भी आरोप है।आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने नारेबाजी की। घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे शहर के आचार्य का बास क्षेत्र की है। पुलिस मारपीट करने वाले युवकों की तलाश कर रही है। फिलहाल मौके पर शांति है।
महिलाओं और घरों पर पथराव का आरोप
पुलिस के अनुसार मेहरों के चौक क्षेत्र में एक धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन चल रहा था। इस कार्यक्रम के संपन्न होने के बाद महिलाएं भोळावणी मेले में जा रही थीं। इसी दौरान लायकान मोहल्ला की तरफ से बाइक पर आए युवकों ने महिलाओं को टक्कर मार दी। दोनों युवक भी बाइक सहित सड़क पर गिर गए।
मदद करने वालों से भी धक्का-मुक्की का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया स्थानीय लोगों ने घायल युवकों की मदद की कोशिश की, लेकिन उन्होंने धक्का-मुक्की और गाली-गलौज शुरू कर दी। भीड़ बढ़ी तो आरोपी युवक वहां से चले गए। कुछ ही देर बाद आरोपी कुछ और लोगों के साथ वापस आ गए। उन्होंने महिलाओं और स्थानीय लोगों पर पथराव शुरू कर दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पत्थरबाजी में एक स्थानीय युवक नीतेश गंभीर रूप से चोटिल हो गया।

पुलिस कमिश्नर ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
आक्रोशित भीड़ जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की। डीसीपी की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। वहीं, पुलिस कमिश्नर शरत कविराज भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने के निर्देश दिए हैं। घटनास्थल से कुछ दूर ही लगे भोळावणी मेले के आसपास सिक्योरिटी बढ़ाई गई।
अपडेट.
पुलिस ने पथराव करने के आरोप में कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया है और अभी सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे है उसके आधार पर और गिरफ्तारियां होनी अभी बाकि है।