जोधपुर के नए जिला कलेक्टर युवा IAS अधिकारी आलोक रंजन ने संभाला पदभार

जोधपुर। जोधपुर में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय प्रशासनिक सेवा के युवा अधिकारी आलोक रंजन ने नए जिला कलेक्टर के रूप में विधिवत पदभार संभाल लिया। इस अवसर पर नगर निगम कमिश्नर राहुल जैन, जेडीए कमिश्नर उत्साह चौधरी, एसडीएम प्रीतम कुमार, प्रशिक्षु IAS मोहनलाल, एसडीएम पंकज जैन और जनसंपर्क अधिकारी आकांक्षा पालावत भी उपस्थित रहे।जॉइनिंग प्रक्रिया के दौरान एडीएम जवाहर चौधरी, सुरेंद्र सिंह राजपुरोहित सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पहली बैठक में दिए स्पष्ट निर्देश, जनहित को बताया सर्वोपरि
पदभार संभालते ही कलेक्टर आलोक रंजन ने अधिकारियों के साथ अपनी पहली बैठक की, जिसमें प्रशासनिक कार्यों को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने समयबद्ध कार्य निष्पादन, जवाबदेही तय करने और टीमवर्क के जरिए लक्ष्यों को हासिल करने पर जोर दिया। बैठक में उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार की प्राथमिकताएं केंद्र में रखते हुए जनहित को सर्वोपरि रखा जाएगा। साथ ही विकास कार्यों में तेजी लाने और सभी लोक कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए।
जोधपुर से पुराना नाता, विकास और पर्यटन पर रहेगा फोकस
नए कलेक्टर आलोक रंजन का जोधपुर से पुराना संबंध रहा है, वे पहले यहां एसडीएम के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। ऐसे में उन्हें शहर की समस्याओं और संभावनाओं की गहरी समझ है। उन्होंने अपने विजन में स्पष्ट किया कि सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे शहर के विकास को नई दिशा मिल सके।
जनता के भरोसे पर खरा उतरने का वादा
मीडिया से पहली बार बातचीत करते हुए आलोक रंजन ने कहा कि उनकी पहली जिम्मेदारी जनहित है और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को और अधिक संवेदनशील बनाने, सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और विकास को गति देने का संकल्प लिया। साथ ही उन्होंने जनता के विश्वास पर खरा उतरने का भरोसा दिलाया।