दूध में मिलावट को रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग कर रहा है लगातार छापेमारी

जयपुर। राज्य सरकार द्वारा “शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के अंतर्गत ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए दूध में मिलावट की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डॉ. टी. शुभमंगला, आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान, जयपुर के निर्देशन में दूध में मिलावट करने वाले विक्रेताओं, संग्रहकर्ताओं एवं मिलावटी दूध लेने वाली डेयरियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा गठित विशेष संयुक्त दल ने देर रात तक विभिन्न स्थानों पर औचक निरीक्षण एवं कार्रवाई करते हुए बुधवार को फार्मर मिल्क डेयरी जाहोता,जयपुर से जांच हेतु एफएसएसआई एक्ट के तहत गाय के दूध का नमूना लिया गया । इसके पश्चात रामपुरा स्थित जयपुर गो संवर्धन समिति से देर रात्री को एफएसएसआई एक्ट के तहत गाय के दूध का नमूना लिया गया।निरीक्षण में पाई गई कमियों के आधार पर संबंधित संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद संयुक्त दल ने सुबह साढ़े चार बजे ढाणी शेरावातों की में शिव कुमार जाट के यहाँ से गाय के दूध का नमूना लिया।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान द्वारा मिलावटी दूध के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से चार विशेष खाद्य सुरक्षा दलों का गठन किया गया है। ये दल दूध उत्पादकों, संग्रहकर्ताओं एवं विक्रेताओं से संबंधित सूचनाएं एकत्र कर संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखेंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई निरंतर एवं औचक रूप से जारी रहेगी।