1250 किलो आंवला कैंडी और चटगोला सीज, 600 किलो चूरन सीज

भीलवाड़ा। राज्य सरकार के शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भीलवाड़ा के चमनपुरा बनेड़ा रोड स्थित मैसर्स हितकर न्यूट्री फूड्स इकाई पर औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

1250 किलो चटगोला ओर आंवला कैंडी सीज

सीएमएचओ संजीव कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम ने करीब 1250 किलोग्राम चटगोला और आंवला कैंडी के निर्माण कार्य को मौके पर सीज कर दिया। इसके साथ ही परिसर में रखे लगभग 600 किलो खराब खाद्य पदार्थों और चूरन प्रोडक्ट को नष्ट करवाया गया।

अजमेर जांच के लिए भिजवाए सैंपल

टीम ने यहां से कुछ प्रोडक्ट के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए अजमेर स्थित जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद गुणवत्ता मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। व्यवस्था निरीक्षण में इस जगह की साफ-सफाई ठीक नहीं पाई गई, जिस पर नोटिस जारी किया गया।

आगे भी जारी रहेगी कार्यवाही

कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव सहित विभागीय टीम मौजूद रही। विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावटखोरी पर रोक के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।