जोधपुर। विश्व रक्तदाता दिवस की पूर्व संध्या पर रोटरी क्लब जोधपुर एवं रोटरी ब्लड सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को रोटरी क्लब सभागार में रक्तदाता सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में 118 बार रक्तदान करने वाले दीपक पुरोहित सहित 70 से अधिक बार स्वैच्छिक रक्तदान करने वाले 28 रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनके समाजसेवी योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बी.एस. जोधा ने रक्तदाताओं को मानवता का सच्चा सेवक बताते हुए कहा कि रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं है। विशिष्ट अतिथि डॉ. अफजल हकीम ने भी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित रक्तदान की महत्ता पर प्रकाश डाला। रोटरी ब्लड बैंक के अध्यक्ष विनोद भाटिया ने कहा कि नियमित रक्तदाता समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके योगदान से जरूरतमंदों को समय पर जीवनरक्षक सहायता मिलती है। रोटरी क्लब जोधपुर की अध्यक्ष मधु समदानी ने सम्मानित रक्तदाताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि रक्तदान जीवनदान का सबसे श्रेष्ठ माध्यम है तथा ऐसे समर्पित रक्तदाता समाज में सेवा और संवेदना की मिसाल हैं। समारोह में रोटरी परिवार, चिकित्सकगण, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में रक्तदाता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी सम्मानित रक्तदाताओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। अंत में रोटरी क्लब की सचिव डॉ. सुगंधा गोयल ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
