भारी मात्रा में नकली पनीर पकड़ा, 1664 किलो पनीर नष्ट करवाया, मुकदमा दर्ज

अलीगढ़। मिलावटी खाद्य पदार्थों का धंधा रूक नहीं पा रहा है। चोरी-छिपे जिलेभर में मिलावट जारी है। बुधवार को एफडीए की टीम ने 1654 किलोग्राम पनीर नष्ट कराया। इस मामले में थाना लोधा में एफआईआर भी दर्ज कराई गईहै। सहायक आयुक्त खाद्य अलीगढ़ मंडल अजय कुमार जायसवाल के नेतृत्व में खाद्य टीम द्वारा खेरेश्वर चौराहा पर वाहन संख्या-यूपी-81 डीटी 5888, बोलेरो पिक-अप को पकड़ा। जिसमें प्रथम दृष्टया मिलावटी, गुणवत्ता विहीन 1664 किलोग्राम पनीर लदा हुआ पाया गया। जिसपर मौके से पनीर का एक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया। वाहन में मौजूद व्यक्ति किसनपाल निवासीपिसावा ने पूछताछ में बताया कि सुशील कुमार निवासी ग्राम शाहपुर, पिसावा खाद्य कारोबारकर्ता व मालिक हैं।

वहीं से यह पनीर लेकर बेचने जा रहे थे। पनीर निर्माण स्थल के बारे में जानकारी प्राप्त कर उसके बताए अनुसार ग्राम सबलपुर स्थित पनीर निर्माणशाला पर टीम के साथ तत्काल रात्रि में ही छापामार कार्यवाही की गई। छापामार कार्यवाही में पनीर निर्माण स्थल से रिफाइंड पामोलिन आयल 45 किग्रा, मिश्रित दूध, पनीर निर्माण के लिए घोल मिला। जिससे नियमानुसार नमूना लेकर बचे हुए सभी माल को सीज कर दिया गया।मौके पर ही बदबूदार, प्रथम दृष्टया मिलावटी, गुणवत्ता विहीन 1664 किग्रा पनीर को जेसीबी से गढ्डा खोदवाकर नष्ट कराया गया। नष्ट कराए गए पनीर की की कीमत करीब पांच लाख रुपए है। इस दौरान सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय दीनानाथ यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशीष कुमार गंगवार, अनुज कुमार, महेंद्र सिंह, राजीव वर्मा, प्रियेश कुमार सिंह, श्वेता आदि मौजूद थे।