मिलावटी क्रीम को करवाया नष्ट, 4 नमूने लिए

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बनखंडा के भारत डेयरी पर छापा मारा, जहां मिलावट कर क्रीम बनाई जा रही थी। 150 किलो क्रीम नष्ट की गई और दो क्रीम, एक दही व एक रिफाइंड का नमूना जांच के लिए भेजा गया। आगे की विधिक कार्रवाई रिपोर्ट के बाद की जाएगी।

बनखंडा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शनिवार को गांव बनखंडा में भारत डेयरी पर छापा मारा। इस दौरान मौके पर देसी घी बनाने के लिए मिलावट कर क्रीम बनाई जा रही थी। टीम ने तुरंत करीब 30 हजार की 150 किलो क्रीम को मौके पर ही नष्ट कराया। साथ ही दो क्रीम, एक दही और एक रिफाइंड का नमूना संग्रहित किया, जिसे जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। बता दें कि किसी व्यक्ति ने आईजीआरएस पर बनखंडा में नकली क्रीम बनाने की डीएम से शिकायत की थी। डीएम के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज राय के नेतृत्व वाली टीम ने गांव बनखंडा में भारत डेयरी पर छापा मारा। यहां देसी घी बनाने के लिए क्रीम तैयार की जा रही थी, इसे मिलावट कर तैयार किया जा रहा था जो खाने लायक नहीं थी। इसलिए 150 किलो क्रीम को तत्काल नष्ट कराया गया।साथ ही क्रीम के दो नमूने संग्रहित किए गए। उन्होंने बताया कि इसके अलावा एक दही और एक रिफांइड का नमूना भी संग्रहित किया गया है, जिसे जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। लैब से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही जांच रिपोर्ट के आधार पर आगामी विधिक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में भी अभियान जारी रहेगा, मिलावट करने वाले लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।